{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Special Tourist Train : भारतीय रेलवे की इस ट्रेन को यात्री नहीं मिलन के चलते किया रद, अब दक्षिण भारत की नहीं कर सकेंगे यात्रा 

रेलवे ने भारत गौरव विशेष पर्यटक ट्रेन को किया रद

 

रेलवे विभाग को ट्रेन के लिए पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के चलते इसको रद कर दिया गया है। हालांकि सभी ट्रेनों में भीड़ भाड़ रहती है, लेकिन रेलवे विभाग की तरफ से दक्षिण भारत के दर्शन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया था। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आइआरसीटीसी) की ओर से श्रद्धालुओं के लिए 24 अप्रैल से चलाई जाने वाली भारत गौरव विशेष पर्यटक ट्रेन को रद कर दिया गया है।

यात्रियों की ओर से पर्याप्त बुकिंग नहीं मिलने के कारण यह फैसला लिया गया है। यह विशेष ट्रेन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख एवं पवित्र तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाने के लिए चलाई जानी थी।

इसमें आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के संयुक्त महाप्रबंधक (पर्यटन) हर्षदीप ने ट्रेन के रूट और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी थी। अब उनका कहना है कि फिलहाल पर्याप्त बुकिंग नहीं होने के कारण यह ट्रेन संचालित नहीं की जा सकेगी। यह विशेष ट्रेन फिरोजपुर से रवाना होकर बठिंडा, सिरसा, हिसार जंक्शन, जाखल जंक्शन, धूरी जंक्शन, लुधियाना जंक्शन, एसएएस नगर मोहाली-चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जंक्शन होते हुए दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, ग्वालियर जंक्शन से गुजरते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन और आगे दक्षिण भारत के विभिन्न तीर्थस्थलों तक जाने वाली थी।

इन तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने की थी योजना

इस विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को तिरूमला वेंकटेश्वर मंदिर (तिरूपति), रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी अम्मन मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर (श्रीशैलम) जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई थी। इसमें 13 दिन की यात्रा थी।

ट्रेन का निर्धारित किराया

इस यात्रा के लिए वयस्कों के लिए स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 35,995 रुपये तथा कंफर्ट श्रेणी का किराया 41,750 रुपये निर्धारित किया गया था। वहीं 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए स्टैंडर्ड श्रेणी 32,395 रुपये और कफर्ट श्रेणी 37,575 रुपये तय की गई थी।

यात्रियों को मिलनी थी ये सुविधाएं

यात्रियों को थ्री एसी इकोनामी श्रेणी में रेल यात्रा, स्टैंडर्ड श्रेणी में बजट होटलों में नान-एसी कमरे तथा कफर्ट श्रेणी में एसी कमरों की सुविधा दी जानी थी। इसके अलावा दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए बस सुविधा, शुद्ध शाकाहारी भौजन, पैक्ड मील, यात्रा बीमा और ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जानी थी।