{"vars":{"id": "127470:4976"}}

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण बस-ट्रेलर टक्कर, 2 की मौत, 15 से अधिक घायल

 

RNE Network.
 

कोटपूतली-बहरोड़, 9 अप्रैल। जिले के कोटपूतली क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजकीय बीडीएम अस्पताल के सामने पुल पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार मकराना से हरिद्वार जा रही एक बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे मौके पर ही बस चालक और एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।  

सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक को नींद आना बताया जा रहा है, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।