20 वर्षीय युवती के पेट से निकला 62 सेमी लंबा बालों का गुच्छा, एम्स जोधपुर के डॉक्टरों ने बचाई जान
Jun 27, 2026, 10:09 IST
RNE Network.
एम्स जोधपुर में 20 वर्षीय युवती के पेट से 62 सेंटीमीटर लम्बा बालों का गुच्छा निकालकर डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन किया है। यह गुच्छा पेट से निकलकर छोटी आंत के प्रारंभिक हिस्से तक पहुंच गया था।
इससे युवती लम्बे समय से पेट दर्द, भूख कम लगना और वजन घटने जैसी समस्याओं से जूझ रही थी। जांच में सामने आया कि उसे बाल चबाकर निगलने की आदत थी। पच न पाने के कारण बाल पेट में जमा होकर ठोस गुच्छे में बदल गए।
चिकित्सकों के अनुसार यह दुर्लभ बीमारी ट्राइकोबेजोअर कहलाती है। जब बालों का गुच्छा छोटी आंत तक फैल जाता है, तो इसे रैपुन्जेल सिंड्रोम कहा जाता है। इसका संबंध अक्सर ट्राइकोटिलोमेनिया और ट्राइकोफेजिया जैसे मनोवैज्ञानिक विकारों से होता है।