ACB ट्रेप : PM आवास की पहली किश्त के बदले रिश्वत, कोटा नगर निगम का संविदाकर्मी ₹10 हजार लेते गिरफ्तार
Rudra News Express Kota.
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवार को मकान निर्माण के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता की किश्त के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को कोटा नगर निगम के एक संविदाकर्मी को ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मामले में शामिल दूसरा संविदाकर्मी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया। ACB उसकी तलाश कर रही है।
ACB के अनुसार परिवादी ने कोटा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के समक्ष शिकायत दी थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए स्वीकृत ₹50 हजार की पहली किश्त के बदले नगर निगम के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा रिश्वत की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर आगे मिलने वाली किश्तों को रोकने की धमकी भी दी जा रही थी।
1 अक्टूबर को सत्यापन, दोनों की रिश्वत मांग की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद ACB ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। 1 अक्टूबर को हुए सत्यापन में अखिलेश मीणा द्वारा ₹10 हजार और नरेश वर्मा द्वारा ₹5 हजार की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ACB ने दोनों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
नगर निगम के बाहर बिछाया जाल
कोटा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक अनिष अहमद के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। सोमवार को नगर निगम कोटा के बाहर परिवादी से ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए अखिलेश मीणा को ACB टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा आरोपी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया। ACB टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
फरार की तलाश :
ACB ने गिरफ्तार संविदाकर्मी अखिलेश मीणा से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। ACB की ओर से बताया गया है कि फरार आरोपी नरेश वर्मा की तलाश भी की जा रही है।