AI और रोबोट बताएंगे नर्सिंग का भविष्य, जयपुर में 5-6 सितंबर को ग्लोबल नर्सिंग समिट
Rudra News Express Jaipur- Bikaner.
नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 और 6 सितंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 आयोजित होगा। नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आरएच हेल्थकेयर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में करीब 10 देशों के विशेषज्ञों सहित लगभग 5 हजार नर्सिंग प्रोफेशनल्स हाइब्रिड मोड में भाग लेंगे।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राहुल शर्मा और सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता और अस्पताल प्रशासक शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य नर्सिंग क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, शोध और नवाचार से जोड़ना है।
रोबोट करेगा स्वागत, CPR का भी होगा प्रदर्शन :
डॉ. राहुल शर्मा और पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ह्यूमनॉइड रोबोट, रोबोटिक डॉग, होलोग्राफिक डिस्प्ले, वर्चुअल रियलिटी (VR) और हाई-फिडेलिटी सिमुलेशन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का लाइव अनुभव कराया जाएगा। रोबोट द्वारा अतिथियों का स्वागत, CPR और स्वास्थ्य शिक्षा के प्रदर्शन के साथ मेडिकल क्विज एवं इंटरैक्टिव टेक्नोलॉजी शो सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
नर्सिंग के भविष्य, रोजगार और पलायन पर मंथन :
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, समिट के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय नर्सिंग लीडर्स के साथ लाइव पैनल डिस्कशन होगा। इसमें सिमुलेशन आधारित नर्सिंग शिक्षा, उच्च शिक्षा के सामने चुनौतियां, नेशनल नर्सिंग एंड मिडवाइफ कमीशन, नर्सिंग में रोजगार नीतियां, नर्सिंग कैडर एवं जॉब चार्ट रिव्यू, भविष्य की नर्सिंग, विदेशों में नर्सिंग का पलायन, दूरस्थ शिक्षा और नर्सिंग संगठनों की जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शोध पत्र और पोस्टर भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
देश-विदेश के विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान :
समिट में भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की नर्सिंग एडवाइजर डॉ. दीपिका खाका, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की डीन डॉ. हरदीप कौर, 2008 की आतंकी घटना के दौरान साहस के लिए चर्चित नर्स अंजली कुलथे और पद्मश्री से सम्मानित नर्स शांति टेरेसा सहित देश-विदेश के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
श्रीलंका, तुर्की, लंदन, आयरलैंड, कतर, इंडोनेशिया और बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों से भी नर्सिंग स्कॉलर और विशेषज्ञ सम्मेलन में भाग लेंगे।
दूसरे दिन सिमुलेशन ट्रेनिंग और सम्मान :
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राहुल शर्मा एवं सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि दूसरे दिन सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण, विशेषज्ञों के व्याख्यान, हेल्थकेयर की आधुनिक तकनीक पर प्रदर्शनी और उत्कृष्ट नर्सिंग प्रोफेशनल्स का सम्मान किया जाएगा। प्रतिभागियों को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की ओर से 10 सीएनई क्रेडिट भी प्रदान किए जाएंगे।