{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Ajmer Police  को 09 महीने से लापता बालिका दिल्ली में मिली, 25 हजार का  था इनाम!

 

Rudra News Express Ajmer-New Delhi. 

अजमेर पुलिस ने 9 महीने से लापता बालिका को दस्तयाब किया है। बालिका अपनी पहचान और पता बदलकर नई दिल्ली के किलकारी रेनबो होम गर्ल्स फाउंडेशन में रह रही थी। बालिका की तलाश के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बालिका को परिजनों से मिलवाया।

दरअसल अजमेर पुलिस ने ऑपरेशन खुशी-11 के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 9 महीने से लापता बालिका को नई दिल्ली से दस्तयाब किया है। किशनगढ़ क्षेत्र से लापता हुई बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से बालिका का पता लगाया।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल के मार्गदर्शन में किशनगढ़ शहर थाना पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान पता चला कि बालिका अपनी पहचान और पता बदलकर नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित किलकारी रेनबो होम गर्ल्स फाउंडेशन में रह रही थी।

बालिका की तलाश में पुलिस टीम ने जयपुर, अलवर, कोटा, नागौर, सीकर, ब्यावर, अहमदाबाद, बरेली, आगरा, भोपाल और रतलाम सहित कई शहरों में अभियान चलाया। धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिला एवं बालिका सहायता केंद्रों और एनजीओ में भी पड़ताल की गई।

पुलिस ने तकनीकी जांच के दौरान करीब 2,286 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की। इसके साथ ही 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। कश्मीरी गेट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में भी सर्च अभियान चलाया गया।

इस कार्रवाई में थाना गांधीनगर के कांस्टेबल सीताराम कानी और साइबर सेल के कांस्टेबल अभय सिंह कानी की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम ने 14 नवंबर 2026 को बालिका को दस्तयाब कर उसके परिजनों से मिलवाया। करीब 9 महीने बाद बेटी के घर लौटने से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। अजमेर पुलिस ने इसे ऑपरेशन खुशी-11 के तहत महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।