पोकरण में भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा की मिसाल, अस्पताल में मरीजों को पिलाया शीतल जल व शरबत
RNE, POKRAN.
क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जहां आमजन गर्म हवाओं से बेहाल हैं, वहीं शहर में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड की ओर से सेठ विट्ठलदास राठी राजकीय जिला अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए शीतल जल और शरबत वितरण का आयोजन किया गया।
इस सेवा कार्य का नेतृत्व शाखा प्रबंधक दिनेश कवर राठौर ने किया। इस दौरान राजवीर सिंह, जसवंत सिंह, जैकी रंगा, जितेन्द्र शर्मा, निधि वैष्णव, सुरेन्द्र सिंह तथा इंसानियत यूनिटी के योगेश रंगा सहित अन्य सहयोगियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने वाले लोगों को शीतल जल एवं शरबत वितरित किया, जिससे उन्हें भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।
सेवा कार्य के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में इस प्रकार के सामाजिक और मानवीय प्रयास जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। आयोजकों ने बताया कि समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता करना सभी का नैतिक दायित्व है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।
अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों ने भी इस सेवा भावना के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश प्रसारित हुआ, जो अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना।