Ashok Gahlot Polling Controvercy : गहलोत वोट डालने पहुंचे, शख्स ने बूथ में छुए पैर, VIDEO वायरल; BJP पहुंची चुनाव आयोग
Rudra News Express. Jodhpur
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच जोधपुर में एक घटना को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मतदान के दौरान पोलिंग टीम के एक सदस्य द्वारा उनके पैर छूने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने इसे चुनावी आचार संहिता से जोड़ते हुए निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत की है।
जानिए कहां, क्या घटना :
मामला जोधपुर के वार्ड नंबर 82 स्थित महामंदिर के वर्धमान जैन स्कूल मतदान केंद्र का है। अशोक गहलोत परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे। इसी दौरान पोलिंग टीम में तैनात एक सदस्य उनके पास आया और पैर छूए। पैर छूने का यह घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
वीडियो सामने आते ही गरमाई सियासत :
घटना का वीडियो डिजिटल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भाजपा ने इसे गंभीरता से लिया। भाजपा राजस्थान विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत ने इस मामले को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी, जोधपुर और राज्य निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि मतदान केंद्र पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी का किसी राजनीतिक व्यक्ति के प्रति इस तरह का व्यवहार निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया और आचार संहिता की भावना के विपरीत है।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग :
भाजपा ने पूरे मामले की जांच कराने और संबंधित पोलिंग कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद अब राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच इस घटना ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।