गद्य एवं पद्य की सभी विधाओं की मौलिक राजस्थानी कृतियों के लिए दिए जाएंगे पुरस्कार
RNE Bikaner
एक लाख रुपये का निर्मलकुमार सेठी मायड़भाषा सेवा शिखर सम्मान तथा 51 हजार रुपये का रूपचंद समदड़िया राजस्थानी विशेष सेवा शिखर सम्मान
मायड़भाषा राजस्थानी के साहित्यकारों एवं भाषा सेवियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेम प्रकाशन, डेह एवं अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राजस्थानी भाषा पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। इन पुरस्कारों के अंतर्गत राजस्थानी भाषा में सृजित कविता, कहानी, नाटक, उपन्यास, निबंध, व्यंग्य, बालसाहित्य, महिला लेखन, समग्र लेखन, लोककला, डिंगल काव्य सृजन, अनुवाद, संस्मरण, यात्रा वृत्तांत सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में प्रकाशित मौलिक कृतियों एवं राजस्थानी भाषा-साहित्य की विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित हैं।
इच्छुक रचनाकार अपनी वांछित सूचनाओं सहित एक साधारण प्रार्थना-पत्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आयोजक संस्थाओं की ओर से आवेदन-पत्र का कोई निर्धारित प्रारूप जारी नहीं किया गया है। प्रार्थना-पत्र में रचनाकार अपना नाम, पता, संपर्क विवरण, संबंधित पुस्तक का नाम, विधा एवं प्रकाशन वर्ष तथा जिस पुरस्कार के लिए आवेदन किया जा रहा है, उसका नाम स्पष्ट रूप से अंकित करें। एक से अधिक पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की स्थिति में एक ही प्रार्थना-पत्र में सभी संबंधित पुरस्कारों के नाम लिखना पर्याप्त होगा। इसके साथ संबंधित पुस्तक की चार प्रतियां संलग्न कर नेम प्रकाशन के अध्यक्ष श्री पवन पहाड़िया के नाम डेह कार्यालय के पते पर भिजवाई जा सकती हैं।
आवेदन एवं पुस्तक की प्रतियों सहित प्रविष्टियां प्राप्त होने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, 2026 है। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाली प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। साहित्यिक कृतियां विगत दस वर्षों की अवधि अर्थात् 2016 से 2026 के मध्य प्रकाशित होनी चाहिए। लोककला एवं भाषा सेवा से संबंधित पुरस्कारों के लिए प्रार्थना-पत्र के साथ अपने कार्यों का संक्षिप्त विवरण एवं प्रमाणिक सामग्री संलग्न की जा सकती है।
आवेदन एवं पुस्तक की प्रतियां भेजने का पता :
श्री पवन पहाड़िया, अध्यक्ष
नेम प्रकाशन, ग्राम-डेह, जिला-नागौर (राजस्थान)
दूरभाष : 9414864009
आयोजक संस्थाओं की ओर से वर्ष 2026 में कुल 26 रचनाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें एक लाख रुपये का जैनसमाज रत्न निर्मलकुमार सेठी मायड़भाषा सेवा शिखर सम्मान तथा 51 हजार रुपये का रूपचंद समदड़िया राजस्थानी विशेष सेवा शिखर सम्मान राजस्थानी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में रचनाकारों के समग्र योगदान के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही राजस्थानी की पारंपरिक डिंगल शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 हजार रुपए का 'चंद्रकंवर सोहनदान सिंहढायच डिंगल काव्य पुरस्कार' प्रदान किया जाएगा।
शेष 23 पुरस्कारों के अंतर्गत चयनित रचनाकारों को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, शॉल, श्रीफल एवं मानपत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
ये सभी पुरस्कार साहित्यप्रेमी सज्जनों द्वारा अपने परिजनों एवं प्रियजनों की स्मृति में निजी व्यय पर प्रायोजित किए जाते हैं। पुरस्कारों के लिए आर्थिक सहयोग संबंधित स्मृतिदाता परिवारों द्वारा उपलब्ध करवाया जाता है, जबकि पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया, आयोजन, सम्मान समारोह एवं अन्य समस्त व्यवस्थाओं का दायित्व नेम प्रकाशन एवं अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति द्वारा संयुक्त रूप से निभाया जाता है।
मायड़भाषा के विकास, संवर्द्धन एवं साहित्यिक समृद्धि के लिए प्रदान किए जाने वाले ये 26 पुरस्कार हैं— नेमीचंद पहाड़िया राजस्थानी पद्य पुरस्कार, अमराव देवी पहाड़िया राजस्थानी गद्य पुरस्कार, कमलादेवी पहाड़िया राजस्थानी उपन्यास पुरस्कार, मोहनदान गाडण राजस्थानी भक्ति काव्य पुरस्कार, जुगलकिशोर जैथलिया राजस्थानी भासा सेवा सम्मान, गोपीलाल चैनसुख सेठी राजस्थानी साहित्य पुरस्कार, कंवरलाल मच्छी राजस्थानी महिला लेखिका पुरस्कार, चण्डीदान देवकरणोत राजस्थानी अनुवाद पुरस्कार, अमितसिंह चौहान राजस्थानी बाल काव्य पुरस्कार, गोपालसिंह उदावत राजस्थानी वय वन्दन पुरस्कार, सेठ भंवरलाल बेताला राजस्थानी गद्य पुरस्कार, राजकंवर सिंहढायच राजस्थानी लोक कला पुरस्कार, नाथूराम चौधरी राजस्थानी यात्रा वृत्तांत पुरस्कार, केशवदान सांदू राजस्थानी पद्य पुरस्कार, बख्तावरदान जुगतावत राजस्थानी निबंध पुरस्कार, बलदेवराम छीलरा राजस्थानी साहित्य पुरस्कार, लादी देवी मोटाराम झाड़वाल राजस्थानी भाषा सेवा पुरस्कार, गीता देवी बजरंगदास गौतम राजस्थानी लघुकथा पुरस्कार, रतनकंवर ऊमरदान खिड़िया राजस्थानी गद्य पुरस्कार, हरिदेवी शेराराम दन्तुसळीया राजस्थानी संस्मरण पुरस्कार, कांतादेवी पहाड़िया राजस्थानी महिला लेखन पुरस्कार, कमलादेवी भँवर पृथ्वीराज रतनू राजस्थानी भाषा पुरस्कार, प्रमिला देवी पांड्या राजस्थानी बाल गद्य पुरस्कार, जैनसमाज रत्न निर्मलकुमार सेठी मायड़भाषा सेवा शिखर सम्मान तथा रूपचंद समदड़िया राजस्थानी विशेष सेवा शिखर सम्मान।
पुरस्कार समारोह 26 दिसंबर, 2026 को कुंजल माता मंदिर, डेह (नागौर) में आयोजित किया जाएगा। समारोह में चयनित रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा।