भजन लाल शर्मा ने ट्रैफिक सुधार के लिए दिए बड़े निर्देश, जयपुर में लागू होगा इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम
RNE Network.
राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात के दो और पद सृजित किये जाएंगे। साथ ही सहायक पुलिस आयुक्त के पदों की संख्या भी बढाकर 8 की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सोमवार को अधिकारियों की बैठक ली और इसे मजबूत और आधुनिक बनाने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने अजमेरी गेट के यादगार से सांगानेर तक मॉडल ट्रैफिक कॉरिडोर बनाने को कहा।
बैठक में बताया गया कि यातायात पुलिस जयपुर ने देश के प्रमुख महानगरों की यातायात व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन और फील्ड विजिट करने के बाद विस्तृत समीक्षा कर व्यापक सुधार की रूपरेखा बनाई है। नई ट्रैफिक व्यवस्था में अब इंस्पेक्टर की संख्या भी 15 से बढ़ाकर 20 की जाएगी, इससे स्थानीय स्तर पर जवाबदेही और नियंत्रण में सुधार सुनिश्चित हो पाएगा। इन इंस्पेक्टर्स को विशेष रूप से डिजाइन की गई 20 मोटरसाइकिलें दी जाएंगी। ट्रैफिक की निगरानी और जाम की स्थिति के आकलन के लिए ड्रोन का उपयोग भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यातायात पुलिस के साथ ही टै्रफिक से जुड़े नगर निगम, जेडीए और परिवहन जैसे सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सहयोग करने के निर्देश दिये।