Bikaner Accident: श्रीडूंगरगढ़ में भीषण सड़क हादसा, हरियाणा के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
Mukam दर्शन कर हरियाणा लौट रहे परिवार के लिए काल बना डंपर
Fatehabad से दर्शन को Mukam आया था परिवार, लौटते समय डंपर से टकराई कार
आया 2 साल की मासूम जिंदगी से जूझ रही
RNE ShriDungargarh- Bikaner.
मुकाम में दर्शन कर घर लौट रहे हरियाणा के एक परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि पूरा परिवार उजड़ गया। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-11 पर होटल नजद सिजराल के पास डंपर और कार की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1:35 बजे हुआ। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी परिवार मुकाम धाम में दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में कार चालक ओमप्रकाश बिश्नोई (50), उनकी पत्नी सोरमा देवी (45), बेटी प्रमिला (3), रोनित (4), यशवी (10) और खुशी (8) की मौत हो गई। वहीं तनवी (2) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि मृतक ओमप्रकाश बिश्नोई फतेहाबाद के मताना गांव के निवासी तथा सेवानिवृत्त सीनियर अकाउंटेंट थे। वे हर अमावस्या पर श्रद्धापूर्वक मुकाम दर्शन के लिए आते थे। इस बार भी परिवार के साथ दर्शन कर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
शोक में डूबा गांव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल :
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में मृतकों के शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए फतेहाबाद रवाना किया गया।
भाजपा नेता बिहारीलाल बिश्नोई पहुंचे अस्पताल :
हादसे की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता बिहारीलाल बिश्नोई श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने मृतक ओमप्रकाश बिश्नोई के भाई, पुत्र सुरेंद्र, दामाद तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।