Bikaner Congres : कल्ला की जीत पर कांग्रेस खुश, नसीम बानो की हार पर मंथन, चिरंजीव ले रहे फीडबैक!
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान कांग्रेस बीकानेर के नगर निगम चुनाव मेयर में मिली जीत पर खुश है। वजह है प्रदेश में मात्र एक निगम में कांग्रेस यह सीट हासिल करने में कामयाब हो पाई है। इसके साथ ही पार्टी को इस जीत की मिठास में उप महापौर की हार की कड़वाहट घुलने का मलाल है। यही वजह है कि उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो की हार के बाद पार्टी के भीतर उठे असंतोष और क्रॉस वोटिंग के सवालों पर अब संगठन ने गंभीरता दिखाई है। राजस्थान कांग्रेस के सहप्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चिरंजीव राव ने रविवार को बीकानेर पहुंचकर पार्टी नेताओं से बंद कमरे में बातचीत की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उपमहापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग की पूरी जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
चिरंजीव राव ने कहा कि प्राथमिक तौर पर कांग्रेस के दो वोट क्रॉस होने की बात सामने आती है। उन्होंने कहा कि पार्टी यह पता लगाएगी कि क्रॉस वोटिंग किसने और क्यों की। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि महापौर चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला को 50 वोट मिले थे। इसके अगले ही दिन उपमहापौर चुनाव में पार्टी के 42 पार्षदों के बावजूद उसके उम्मीदवार को 38 वोट मिलने से पार्टी के भीतर सवाल खड़े हुए। राजस्थान कांग्रेस ने भी निकाय चुनावों के बाद बीकानेर सहित कुछ स्थानों से क्रॉस वोटिंग और पार्टी लाइन से अलग मतदान को लेकर रिपोर्ट मांगी थी।
अल्पसंख्यक असंतोष से कांग्रेस में बेचैनी :
दरअसल कांग्रेस ने उप महापौर पद के लिए नसीम बानो को प्रत्याशी बनाया था। उनकी हार के बाद यह मुद्दा बना कि पार्टी के कई पार्षदों ने इसलिए वोट नहीं दिए क्योंकि यह अल्पसंख्यक प्रत्याशी है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर अल्पसंख्यक समाज की नाराजगी का मुद्दा भी सामने आया है। पार्टी के स्थानीय नेताओं की ओर से इस घटनाक्रम पर सवाल उठाए गए हैं। इसी पृष्ठभूमि में चिरंजीव राव का बीकानेर दौरा और स्थानीय नेताओं के साथ उनकी बंद कमरे में बातचीत महत्वपूर्ण रही।
एसआईआर पर चुनाव आयोग को घेरा :
पत्रकार वार्ता में चिरंजीव राव ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम नहीं जुड़ना चाहिए। उनके अनुसार चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता का विश्वास बनाए रखना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
राव ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों का भी उल्लेख किया।
पूर्व मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है और यह विश्वास तभी कायम रह सकता है, जब चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह हो। उन्होंने एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब की अपेक्षा जताई।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने भी चुनाव आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर कांग्रेस के सवालों को दोहराया। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि एसआईआर के दौरान गरीब, ग्रामीण, मजदूर, प्रवासी और दस्तावेज जुटाने में कठिनाई वाले नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
पंचायत चुनाव पर भी फोकस :
चिरंजीव राव ने कहा कि आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन गांव-ढाणी तक सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं को लेकर आमजन से संवाद बढ़ाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।