Bikaner Digital Arrest : सास, बहु को तीन दिन डिजिटल अरेस्ट रखा, FD तोड़ 48 लाख ठगों को दिए
RNE Bikaner.
राजस्थान के बीकानेर में एक बुजुर्ग सहित दो महिलाओं को तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 48 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को NIA का अधिकारी बताते हुए इन्हें 03 दिन इतना टॉर्चर किया कि महिलाओं ने बैंक जाकर FD तुड़वाई और उनके खाते में पैसे ट्रांसफर किए। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक बीकानेर शहर के करणी नगर क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को 21 से 23 जनवरी तक घर में डिजिटल अरेस्ट रखा गया।
खुद को NIA अधिकारी बताया
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक ठगों ने खुद को एनआईए का अधिकारी बताया। तीन दिन टॉर्चर करने के दौरान सुप्रीम कोर्ट के फर्जी ऑर्डर और अरेस्ट वारंट व्हाट्सएप पर भेजे। अलग-अलग नंबरों से कॉल करके मानसिक प्रताड़ना दी।
यूं खुद को NIA साबित किया
ठगों ने वीडियो कॉल में ऑफिस दिखाया। ऑफिस में पूरी टीम नजर आ रही थी। दीवार पर NIA का लोगो, बोर्ड था। इस कदर डरा दिया कि घर के दो बच्चों को भी कमरे में नहीं आने दिया। महिलाएं उनके सामने खूब गिड़गिड़ाई। आखिरकार उन्होंने तरस दिखाते हुए 40लाख रुपए लेकर बख्शने की हामी भरी।
महिलाओं ने बैंक ट्रांसफर नहीं हो पाने और पैसे FD में होने की बात कही तो उन्हें बैंक जाकर FD तुड़वाने को कहा। सख्त हिदायत दी कि इस दौरान किसी से बात नहीं करे। जब अचानक बड़ी FD तुड़वाने बैंक गई तो बैंक वालों ने भी हैरानी जताई। ऐसा नहीं करने की सलाह दी लेकिन घबराहट में किसी की नहीं सुनी।
दोनों महिलाएं केईएम रोड स्थित एसबीआई शाखा पहुंचीं, जहां अपनी दो एफडी तुड़वाईं। रकम सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर कर आरोपी के बताए नंबरों पर 48 लाख रुपए दो अलग-अलग खातों में आरटीजीएस के जरिए भेज दिए।
पूरी वारदात के बाद जब इन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ तब साइबर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर थाना प्रभारी रमेश सर्वटा ने बताया कि हम जांच कर रहे हैं।