Jodhpur High Court में बम की धमकी, निरीक्षण करने गए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, 08 जज एपीओ
Feb 17, 2026, 17:16 IST
RNE Jodhpur.
Rajasthan High Court जोधपुर को बम से उड़ाने की धमकी के चलते उपजे हालात का निरीक्षण करने पहुंचे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने 08 जजों को एपीओ कर दिया।
दरअसल हाईकोर्ट प्रशासन को मंगलवार सुबह एक ईमेल के जरिए परिसर में बम होने की धमकी मिली। ऐसे में सुरक्षा कारणों से जोधपुर स्थित हाईकोर्ट हेरिटेज बिल्डिंग परिसर को एहतियातन खाली कराया गया। इसके चलते न्यायालयों का नियमित कामकाज प्रभावित रहा और डिस्प्ले बोर्ड पर सूचना जारी की गई कि अदालत की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। बम की धमकी और औचक निरीक्षण के बीच हुई इस सख्त कार्रवाई से न्यायिक महकमे में हलचल मच गई है।
इसी बीच कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश Sanjeev Prakash Sharma सुरक्षा जांच के दौरान स्वयं हेरिटेज परिसर पहुंच गए और अधीनस्थ न्यायालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कोर्ट रूम खाली पाए गए और कुछ न्यायिक अधिकारी अपनी सीटों पर अनुपस्थित मिले।
अनुशासन और समयबद्धता को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से आदेश जारी कर 8 न्यायिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ‘पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा’ (एपीओ) में रख दिया गया।
इन अधिकारियों पर कार्रवाई :
* जिला एवं सत्र न्यायाधीश (जोधपुर महानगर) अजय शर्मा।
* विशेष न्यायालय (पॉक्सो एक्ट केस संख्या-1, जोधपुर महानगर) की जज मनीषा चौधरी।
* अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-2, जोधपुर महानगर मनीषा शर्मा।
* अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला नेहा शर्मा।
* सीनियर सिविल जज एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला करुणा शर्मा।
* अपर सीनियर सिविल जज एवं एसीजेएम संख्या-2, जोधपुर महानगर प्रवीण चौधरी।
" अपर सीनियर सिविल जज एवं एसीजेएम संख्या-9, जोधपुर महानगर सीमा सांडू।
* अपर सीनियर सिविल जज एवं एसीजेएम संख्या-7, जोधपुर महानगर मनोज जीनगर।
इनमें से अजय शर्मा को राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अन्य सात अधिकारियों को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला मुख्यालय पर रिपोर्ट करने को कहा गया है।