एसआई भर्ती परीक्षा 2021 के आवेदन में अभ्यर्थी आज से कर सकेंगे संशोधन
RNE Network.
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा 2021 का पुनः आयोजन 20 सितंबर को किया जाएगा। अभ्यर्थी आज शनिवार से तीस मई तक अपने आवेदन में रजिस्ट्रेशन, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार का पता अपडेट कर सकेंगे।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदल दी है तो वह फेच एप्लीकेशन फॉर्म विकल्प का उपयोग करके अपनी पुरानी आईडी का डाटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।
इससे उनका पुराना रिकॉर्ड और आवेदन की जानकारी नए सिस्टम में जुड़ जाएगी। अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी अपडेट करनी होगी। जिन अभ्यर्थियों को कोई सुधार नहीं करना है। उन्हें भी एक बार फॉर्म को एडिट मोड में खोलकर अपनी लाइव फोटो हस्ताक्षर और अंगूठा निशान के उपयोग की अनिवार्य रूप से सहमति देनी होगी। गौरतलब है की 859 पदों के लिए आयोजित राजस्थान लोक सेवा आयोग की उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को पेपर लीक के कारण राज्य सरकार की अनुशंसा पर निरस्त कर दिया गया था।
सचिव ने बताया कि पुनः परीक्षा में केवल 3,83,097 अभ्यर्थी बैठ सकेंगे। जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे। नए आवेदकों को इसमें अवसर नहीं दिया जाएगा।