{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Chhattisgarh : राजनांदगांव में हिंदू संगठनों का चक्का जाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

परिजनों ने युवती को परिवार को सौंपने की मांग की, शहर में तनावपूर्ण माहौल

 

RNE Network Chhattishgarh. 

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के साथ घर से चले जाने का मामला अब सामाजिक और प्रशासनिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। युवती को एसडीएम कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद मुस्लिम पक्ष के साथ भेजे जाने की जानकारी सामने आते ही हिंदू संगठनों और युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने महावीर चौक पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले हिंदू युवती और मुस्लिम युवक घर से चले गए थे। इसके बाद युवती के परिजनों ने थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दोनों को बरामद कर राजनांदगांव एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां दोनों के बयान दर्ज किए गए।

बताया जा रहा है कि बयान प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवती को मुस्लिम पक्ष के साथ भेज दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और विभिन्न हिंदू संगठन नाराज हो गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि युवक और युवती का विवाह नहीं हुआ है, ऐसे में युवती को मुस्लिम पक्ष के साथ भेजना नियमों के खिलाफ है।

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग महावीर चौक पर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर युवती को उसके परिजनों को सौंपने की मांग की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल राजनांदगांव शहर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।