CM BhajanLal ने अचानक SMS Hospital पहुंचकर शुरू किया निरीक्षण, वार्डों में घूमे, मरीजों से व्यवस्थाएं जानी
RNE Jaipur.
Rajasthan के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को अचानक जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल पहुंच गए। बिना पूर्व सूचना हुए इस दौरे ने अस्पताल प्रशासन को भी चौंका दिया। मुख्यमंत्री ने ओपीडी, विभिन्न विभागों और वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत जानी तथा मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री सबसे पहले हड्डी रोग विभाग की ओपीडी पहुंचे, जहां मरीजों की भारी भीड़ देखकर उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि जांच, दवाइयों और उपचार में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। कई मरीजों ने समय पर जांच और दवाइयां मिलने की बात कही, जिस पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि हर विभाग की ओपीडी में ही मरीजों को आवश्यक जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने धन्वंतरि ओपीडी के बाहर मरीजों और परिजनों के लिए बैठने, छाया और पेयजल की बेहतर व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसएमएस अस्पताल राजस्थान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रदेश ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चरणबद्ध तरीके से सेंट्रल एसी जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में कई अच्छे कार्य हो रहे हैं, लेकिन सुधार की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। छोटी-छोटी समस्याओं का भी समय रहते समाधान होना चाहिए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव (स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित वरिष्ठ चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।