{"vars":{"id": "127470:4976"}}

उपमहापौर क्रॉस वोट: कल्ला-यशपाल समेत अल्पसंख्यक नेता गहलोत, जूली, डोटासरा से मिले 
 

 

Rudra News Express Jaipur- Bikaner.

बीकानेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार और क्रॉस वोटिंग के मामले को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार को बीकानेर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना से मुलाकात की।

पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत की मौजूदगी में कांग्रेस के अल्पसंख्यक नेताओं ने उपमहापौर चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम, क्रॉस वोटिंग से जुड़े तथ्यों और पार्टी प्रत्याशी की हार की परिस्थितियों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया।

इतने नेता एक साथ जयपुर पहुंचे: 
नाराजगी और मुद्दे की गंभीरता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है की प्रदेश कांग्रेस महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साजिद सुलेमानी, उपमहापौर प्रत्याशी एवं पार्षद नसीम बानो, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद जावेद पड़िहार, कांग्रेस नेता गुलाम मुस्तफा, पार्षद नंदलाल जावा, अकबर अली खादी, चन्द्रकला कूकना, सरोज, कांग्रेस नेता फिरोज भाटी, हुकुमचंद जावा, मंडल अध्यक्ष अंजुम अली, कर्नल शिशुपाल सिंह पंवार, हरिकिशन जाट, मदनलाल कूकना, रियाजुद्दीन पंवार आदि नेता इसमें शामिल रहे।

मांग: कार्रवाई करो!
प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जल्द जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच में यदि कोई पार्टी नेता या पार्षद अनुशासन उल्लंघन का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सात दिन में जांच का आश्वासन :

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने और सात दिनों के भीतर जांच पूरी कराने का आश्वासन दिया गया। जांच के निष्कर्षों के आधार पर संगठनात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेस नेता शब्बीर मोहम्मद के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात कर उपमहापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले की जांच की मांग उठाई थी। उस वक्त नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी भी मौजूद थी।