ईंधन संरक्षण का संदेश: राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित न्यायिक अधिकारियों ने कम किए एस्कॉर्ट वाहन
RNE Network.
प्रदेश में ईंधन की बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। बढ़ती ईंधन खपत और वैश्विक परिस्थितियों के बीच राज्य के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और न्यायिक अधिकारी अब सादगी और संसाधन बचत का संदेश दे रहे हैं। इसी कड़ी में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है।
इस पहल को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री ने भी एस्कॉर्ट सुरक्षा वाहन छोड़कर ईंधन बचत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुका है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
इधर, राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने भी अपने वाहन के साथ चलने वाली एस्कॉर्ट कार हटाने का निर्णय लिया है। वहीं प्रदेश की निचली अदालतों में भी कई मजिस्ट्रेट कार पूलिंग के जरिए अदालत पहुंच रहे हैं। राज्य सरकार की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।