{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan kisan yojana : राजस्थान के किसानों को लगा झटका, सरकार ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर लगाया ब्रेक 

राजस्थान सरकार ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है

 

राजस्थान में पशुपालक किसानों को झटका लगा है। पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुओं की बेहतर देखभाल के उद्देश्य से शुरू की गई गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। सरकार ने पुराने लाभार्थियों को पुनः ऋण वितरण पर भी रोक लगा दी है। अब नए लक्ष्य तय होने तक किसानों और पशुपालकों को ऋण नहीं मिलेगा।

पिछले वर्ष राज्य सरकार ने अप्रैल 2025 में आदेश जारी कर जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किए थे। सिरोही जिले की केन्द्रीय सहकारी बैंक की 11 शाखाओं को 2170 गोपालकों को ऋण देने का लक्ष्य मिला था। इसके विरुद्ध 1481 किसानों को ही ऋण वितरित किया जा सका, जो लगभग 68 प्रतिशत उपलब्धि रही।

पशुपालकों को एक लाख रुपए तक का मिलता ऋण गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पशुपालकों को एक लाख रुपए तक का ऋण बिना ब्याज दिया जाता है। ऋण अवधि 365 दिन तय की गई थी। समय पर ऋण चुकाने वाले पुराने गोपालकों को पुनः ऋण देने की व्यवस्था थी, लेकिन अब सरकार ने इस पर रोक लगा दी है।

योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी आय में वृद्धि करना और पशुधन की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना था। लेकिन वर्तमान बजट घोषणा में इस योजना का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। इससे पशुपालकों में निराशा का माहौल है।

इनका कहना है

दी सिरोही सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. सिरोही के प्रबंध निदेशक पूनाराम ने बताया कि गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना में किसानों को मिलने वाले ऋण पर फिलहार रोक लगा दी है। जब तक नए लक्ष्य नहीं मिलते उस समय तक किसानों और पशुपालकों को ऋण नहीं मिलेगा। पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुओं की बेहतर देखभाल के उद्देश्य से इस योजना का शुभारंभ किया था। बजट घोषणा में भी इस योजना का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

किसान जगदीश ने बताया कि ब्याज मुक्त ऋण से उन्हें पशुओं के चारे और देखभाल में बड़ी राहत मिलती थी। अब योजना ठप होने से उन्हें निजी स्रोतों से महंगे ब्याज पर ऋण लेना पड़ सकता है। पशुपालक उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सरकार जल्द ही इस योजना को पुनः गति देगी।