GST Survey Rajasthan : जोधपुर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर में सर्वे, 1.44 करोड़ रुपए की कर अनियमितताएं उजागर, 29.13 लाख मौके पर ही स्वैच्छिक जमा
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान के वाणिज्यिक कर विभाग ने GST अनुपालन सुनिश्चित करने और कर चोरी एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए 14 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों में सर्वे एवं जांच कार्रवाई की। विभागीय टीमों ने GST रिटर्न, ई-वे बिल, ITC विवरण, लेखा अभिलेख और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में श्रीगंगानगर, जोधपुर और जैसलमेर के तीन मामलों में महत्वपूर्ण कर विसंगतियां सामने आई हैं।
29.13 लाख रुपए की स्वैच्छिक जमा :
विभाग के अनुसार, इन तीन सर्वे कार्रवाइयों में प्रारंभिक रूप से चिन्हित संभावित राजस्व देयता करीब 1.44 करोड़ रुपए है। इसमें श्रीगंगानगर में करीब 24 लाख, जोधपुर में 60 लाख और जैसलमेर में कर, ब्याज एवं पेनल्टी सहित करीब 60 लाख रुपए की संभावित राजस्व देयता शामिल है। सर्वे के दौरान संबंधित करदाताओं द्वारा कुल 29.13 लाख रुपए की राशि स्वैच्छिक रूप से जमा की गई। इसमें श्रीगंगानगर से 20.13 लाख रुपए और जोधपुर से 9 लाख रुपए शामिल हैं।
श्रीगंगानगर में स्टॉक में बड़ा अंतर :
श्रीगंगानगर में विद्युत सामग्री के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। प्रारंभिक अभिलेखों में स्टॉक का मूल्य करीब 1.51 करोड़ रुपए दर्शाया गया था, जबकि मौके पर भौतिक स्टॉक करीब 55 लाख रुपए का पाया गया।
इस तरह पुस्तकीय और भौतिक स्टॉक में लगभग 96.35 लाख रुपए का प्रथमदृष्टया अंतर सामने आया। विभाग के अनुसार, इस विसंगति से संबंधित संभावित कर देयता के मद्देनजर करदाता ने 20,12,500 रुपए स्वैच्छिक रूप से जमा किए। इसमें CGST और SGST की राशि शामिल है।
जोधपुर में ITC और कर भुगतान में विसंगति :
जोधपुर के बासवाना क्षेत्र में GST रिटर्न और विभागीय डेटा के विश्लेषण के दौरान ITC संबंधी अंतर तथा कर देयता में विसंगति सामने आई। इसके साथ ही ई-वे बिल से संबंधित आंकड़ों का भी परीक्षण किया गया। प्रारंभिक विश्लेषण में करीब 60 लाख रुपए की संभावित राजस्व देयता सामने आई। सर्वे के दौरान करदाता ने इलेक्ट्रॉनिक कैश लेजर में 9 लाख रुपए SGST स्वैच्छिक रूप से जमा किए। विभाग द्वारा पुस्तकों, बिलों, रिटर्न, ITC उपयोग और ई-वे बिल अनुपालन का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है।
जैसलमेर में 39.82 लाख का संभावित अल्प भुगतान :
जैसलमेर में वित्तीय वर्ष 2023-24 के GST रिटर्न और विभागीय आंकड़ों की प्रारंभिक जांच में कर भुगतान में कमी सामने आई। उपलब्ध विवरणों के अनुसार करीब 19,91,099 रुपए CGST और इतनी ही SGST, यानी कुल 39,82,198 रुपए के संभावित अल्प भुगतान का प्रथमदृष्टया आकलन किया गया है।
विभाग द्वारा बिक्री एवं टर्नओवर रिकॉर्ड, टैक्स इनवॉयस, लेखा पुस्तकों और कार्य अनुबंधों से आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है। कर, ब्याज और पेनल्टी को शामिल करने पर इस मामले में संभावित राजस्व प्रभाव करीब 60 लाख रुपए आंका गया है।
विस्तृत जांच के बाद तय होंगे पुख्ता आंकड़े :
वाणिज्यिक कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि सामने आए आंकड़े प्रारंभिक सर्वे एवं जांच के आधार पर संभावित राजस्व प्रभाव को दर्शाते हैं। दस्तावेजों के विस्तृत सत्यापन, आंकड़ों के मिलान और आगे की जांच के बाद ही वास्तविक कर देयता निर्धारित की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि GST अनुपालन को लेकर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। गलत ITC दावे, कर का अल्प भुगतान, स्टॉक में विसंगति और ई-वे बिल से जुड़ी अनियमितताओं पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।