Hanumangarh : बस-ट्रक की टक्कर, पांच लोगों की मौत, कई घायल
RNE Hanumangarh-ShriGanganagar.
बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ जिले से दुर्घटना की दर्दनाक खबर आई है। हनुमानगढ जिले के रावतसर में बरमसर के पास आज मंगलवार को एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों को रावतसर ट्रोमा सेंटर पंहुचाया गया है।
यह दुर्घटना एक बस और ट्रक की आमने सामने की टक्कर से हुई। बस श्रीगंगानगर से जयपुर की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम संजय कुमार, पुलिस के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटना स्थल पर पंहुचे। घायलों को तुरंत रावतसर ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां से 5 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन राहत कार्यों और मृतकों की शिनाख्त में जुटा है।
जानकारी के अनुसार, बस श्रीगंगानगर से जयपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में मेगा हाईवे पर सरसों से भरी दो ट्रॉलियां साइड में खड़ी थीं। बस चालक इन ट्रॉलियों को ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रॉले से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री बस में फंस गए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा ओवरटेक के दौरान लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ. फिलहाल रावतसर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीएम संजय कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। प्रशासन ने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।