Jaipur उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के सुनील कुमावत ने भाजपा के सीताराम शर्मा को हराया
Rudra News Express Jaipur.
जयपुर में भाजपा की पूर्व जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को हराकर चर्चा में आए कांग्रेस के सुनील कुमावत अब उप जिला प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सीताराम शर्मा को हराया। कांग्रेस ने सुनील कुमावत को प्रत्याशी बनाकर कुमावत समाज को प्रतिनिधित्व देने का दांव खेला था। भाजपा ने सीताराम शर्मा को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बनाने का प्रयास किया।
यूं चर्चा में आए सुनील कुमावत :
सुनील कुमावत का नाम तब चर्चा में आया जब उन्होंने जिला परिषद सदस्य चुनाव में भाजपा की निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चौपड़ा को हराया। अब उप जिला प्रमुख के पद पर जीत के साथ उन्होंने जयपुर की जिला परिषद में अपनी राजनीतिक स्थिति और मजबूत कर ली है। जयपुर में जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस के यशवीर सूरा पहले ही निर्वाचित हो चुके हैं। सूरा जाट समाज से आते हैं। अब उप जिला प्रमुख पद पर कुमावत समाज के सुनील कुमावत को मौका देकर कांग्रेस ने सामाजिक और जातीय समीकरण साधने की कोशिश की। जयपुर जिला परिषद में कुल 57 सदस्य हैं। इनमें कांग्रेस के 42 सदस्य हैं।
चार कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध :
प्रदेश में चार जिला परिषदों में कांग्रेस के उप जिला प्रमुख प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें अलवर से अर्जुन सिंह, दौसा से छोटू राम मीना, धौलपुर से वीर सिंह मीणा और जैसलमेर से हरीश धनदेव शामिल हैं।