{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Indoor Kabaddi Ground : राजस्थान के इस शहर में बनेगा इंडोर कबड्डी ग्राउंड, हर मौसम में खेले जाएंगे अंतरराष्ट्रीय मैच

इंडोर कबड्डी ग्राउंड में दिन-रात खेले जा सकेंगे मैच, तैयार होंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी 

 

राजस्थान में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा देने के लिए काम तेजी से किया जा रहा है। राजस्थान के सवाई मानसिंह स्टेडियम यानी एसएमएस स्टेडियम जयपुर में इंडोर कबड्डी ग्राउंड बनाने का निर्णय लिया गया है। इस ग्राउंड पर दिन-रात व किसी भी मौसम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी मैच हो सकेंगे। एसएमएस स्टेडियम में नई बॉक्सिंग रिंग बनने के साथ ही नए बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड का कार्य भी तेजी से जारी है।

इसके अलावा आरसीए एकेडमी स्थित ग्राउंड को 75 मीटर का किया जा रहा है। जिससे महिलाओं के राष्ट्रीय मुकाबले यहां हो सकें। इनके अलावा साइकिल वेलोड्रॉम के पीछे हाल ही बने कबड्डी के मैदान को भी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की मंजूरी खेल सचिव और अध्यक्ष, राज. राज्य क्रीड़ा परिषद डॉ. नीरज के. पवन ने दे दी है।

अब इंडोर स्टेडियम की बुकिंग का खमियाजा कबड्डी खिलाड़ियों और प्रतियोगिताओं को नहीं भुगतना पड़ेगा। नया इंडोर ग्राउंड तैयार होने के बाद सभी मुकाबले यहां आयोजित होंगे।

तैयार होंगे अंतरराष्ट्रीय खिलाडी : राजनारायण

छाबड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद कमान संभाली अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कोच राजनारायण शर्मा ने। शर्मा ने उस मैदान के चारों ओर जालियां लगवाने के साथ ही वहां पानी की व्यवस्था करवाई। शर्मा वहां नियमित रूप से खिलाड़ियों को कोचिंग भी वहीं देते हैं। यहां अभी तक मिट्टी पर ही अभ्यास हो रहा है। शर्मा ने बताया कि दो मैदान पर शेड लगेगा और बाकि तीन खुले रहेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम भी बनेगा।

वर्तमान में सभी स्थानों पर मेट पर कबड्डी खेली जा रही है। मैट्स पर अभ्यास से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। इसी को देखते हुए हमने क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन से बात की और उन्होंने यहां आकर पूरी व्यवस्था देखी और इंडोर स्टेडियम बनाने की स्वीकृति दी। यहां पर पांच मुकाबले आसानी से खेले जा सकते हैं। सेकंड राउंड में यहां दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। उसके बाद यहां आसानी से राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले खेले जा सकेंगे।

पूर्व कोच छाबड़ा की देन है कबड्डी मैदान

अब तक कबड्डी की सभी प्रतियोगिताएं सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल में होती थी इस कारण नियमित रूप से अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को या तो चौगान जाना पड़ता या कहीं और। यह परेशानी सबसे पहले समझी पूर्व कबड्डी कोच राजकुमार छाबड़ा ने। इसके बाद छाबड़ा ने कबड्डी मैदान के लिए जगह तलाशनी शुरू की और जगह मिली साइकिलिंग वेलोड्रॉम के पीछे।

लेकिन वह स्थान झाड़-झंकाड़ और कचरे से अटा पड़ा था। फिर शुरू हुआ उस स्थान की साफ-सफाई का काम। छाबड़ा ने अपने शिष्यों के साथ दिन-रात एक कर उस स्थान को साफ-सुथरा किया और क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष को यह स्थान बनाया और उनकी स्वीकृति मिलने के बाद छाबड़ा ने स्वयं वहां दस से ज्यादा ट्रक मिट्टी डलवाकर उस स्थान को मैदान का आकार दिया। वह और कबड्‌डी खिलाड़ी उस स्थान को सुबह-शाम समतल करते और मिट्टी में पानी देते। उसके बाद खिलाड़ी उस मैदान पर अभ्यास करने लगे।

हर मौसम में हो सकेंगे मुकाबले

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि हम जल्द ही इस मैदान को कवर कर इंडोर ग्राउंड बना देंगे। इंडोर ग्राउंड होने से हर मौसम में कबड्डी मुकाबले खेले जाएंगे। हमारा प्रयास यहां लाइट्स लगाने का भी है जिससे रात्रि में भी मैच खेले जा सकें। मैदानों को चारों से कवर कर दिया गया है और यहां खेलने वाले खिलाड़ियों को चेंजिंग रूम सहित सभी सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अब हमें इंडोर स्टेडियम के खाली होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और कबड्डी के सभी मुकाबले इंडोर के स्थान पर यहीं आयोजित किए जाएंगे।