IRAN-ISRAEL War : INDIA में प्राकृतिक गैस पर आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू
कॉमर्शियल सिलेंडर सप्लाई कई राज्यों में प्रभावित, होटल-रेस्टोरेंट पर संकट
घरेलू पीएनजी-सीएनजी को प्राथमिकता, 6 माह की औसत खपत के आधार पर वितरण
RNE New Delhi.
पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। संभावित गैस संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 लागू कर दिया है।
सरकार का उद्देश्य गैस की उपलब्धता बनाए रखना, समान वितरण सुनिश्चित करना और घरेलू उपभोक्ताओं व जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता देना है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार घरेलू पाइपलाइन प्राकृतिक गैस (पीएनजी), वाहनों के लिए सीएनजी, एलपीजी उत्पादन, पाइपलाइन कंप्रेसर ईंधन और अन्य आवश्यक पाइपलाइन संचालन से जुड़े क्षेत्रों को गैस आपूर्ति में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
गैस किल्लत के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हो गई है। कई शहरों में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने गैस नहीं मिलने की शिकायत की है, जिससे कारोबार प्रभावित होने लगा है।
ऊर्जा संकट की बड़ी वजह फारस की खाड़ी और अरब सागर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का लगभग बंद होना माना जा रहा है। भारत अपनी जरूरत का करीब 50 प्रतिशत कच्चा तेल और 54 प्रतिशत एलएनजी इसी रास्ते से आयात करता है।
5 पॉइंट में पूरा गैस संकट :
- ईरान-इजराइल युद्ध से पश्चिम एशिया में ऊर्जा सप्लाई चेन प्रभावित।
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरता है दुनिया का करीब 20% तेल-गैस।
- भारत अपनी 40% LNG कतर से आयात करता है।
- कई राज्यों में कॉमर्शियल गैस सप्लाई में कटौती।
- गैस वितरण नियंत्रित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू।
गैस सप्लाई का नया फॉर्मूला :
- पहली श्रेणी : घरेलू PNG और CNG – पूरी सप्लाई
- दूसरी श्रेणी : खाद कारखाने – करीब 70% गैस
- तीसरी श्रेणी : बड़े उद्योग – लगभग 80% गैस
- चौथी श्रेणी : छोटे उद्योग, होटल-रेस्टोरेंट – करीब 80% गैस
सरकार के 5 बड़े फैसले :
* तेल कंपनियों की हाई-लेवल कमेटी गठित
* घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग 25 दिन बाद
* डिलीवरी में OTP और बायोमेट्रिक अनिवार्य
* रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
* वैकल्पिक सप्लाई के लिए अन्य देशों से बातचीत
सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य :
- उत्तर प्रदेश
- महाराष्ट्र
- मध्य प्रदेश
- राजस्थान
- छत्तीसगढ़
- दिल्ली
महंगा हुआ गैस सिलेंडर :
- घरेलू LPG (14.2 किलो) : ₹853 से बढ़कर ₹913
- कॉमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) : ₹1883