{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaipur : 3000 पुलिसकर्मी, इंटरनेट बंद, एक साथ चली जेसीबी मशीनें, नूरानी मस्जिद सहित 125 भवन तोड़े, मीडिया दूर

 

RNE Jaipur. 

Rajasthan की राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।  जगतपुरा क्षेत्र में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने व्यापक अभियान चलाते हुए 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान नूरानी मस्जिद की सीमा में आने वाले हिस्से पर भी बुलडोजर चलाया गया।

3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, इंटरनेट सेवाएं बंद : 

कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए। क्षेत्र में करीब 3 हजार पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात किए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर के कई थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। 2G, 3G, 4G और 5G सेवाओं पर रोक लगाई गई, जबकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई ताकि वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग न हो सके।

ड्रोन से निगरानी, रास्ते सील : 

पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई। पुलिस ने लोगों की आवाजाही सीमित कर कई मार्गों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया। सुरक्षा कारणों से मीडिया को भी कार्रवाई स्थल से दूरी पर रखा गया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की।

धार्मिक ढांचे भी दायरे में : 

JDA अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण परियोजना की राइट ऑफ वे सीमा में आने वाले सभी निर्माणों को हटाया जा रहा है। इनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार भी शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी संबंधित पक्षों को पूर्व में नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था।

पहले भी हुई थी कार्रवाई : 
 

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर 22 मई को भी JDA ने अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए थे। अब शेष निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो सके।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत : 

प्रशासन का कहना है कि नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनने वाली 80 फीट चौड़ी सड़क से जगतपुरा, मालवीय नगर, प्रताप नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा तथा लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।