Jaipur Bharat Taxi ट्रायल शुरू, 13 हजार ड्राइवर जुड़े, आमजन को मिलेगी नई सुविधा
RNE Jaipur.
Rajasthan की राजधानी जयपुर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। शहर में सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का ट्रायल शुरू हो गया है। इस पहल से यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और पारदर्शी परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं हजारों ड्राइवरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि जयपुर में करीब 13 हजार टैक्सी चालक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। अब शहरवासी एक ही ऐप के माध्यम से बाइक टैक्सी, ऑटो रिक्शा और कैब सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी यात्रियों को उचित किराया, निश्चित दरें, एसओएस आपातकालीन सुविधा, स्थानीय और विश्वसनीय चालक तथा बेहतर ग्राहक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इससे रोजमर्रा की यात्रा और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
ड्राइवरों को मिलेगा सीधा लाभ :
इस पहल की खास बात यह है कि यह सहकारी मॉडल पर आधारित है, जिससे ड्राइवरों की भागीदारी और आय दोनों बढ़ने की संभावना है। पारंपरिक टैक्सी सेवाओं के मुकाबले यह मॉडल चालक हितों को भी प्राथमिकता देता है।
जयपुर बना राष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा :
भारत टैक्सी के ट्रायल के साथ जयपुर अब दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, चंडीगढ़ और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों की श्रेणी में शामिल हो गया है। सरकार का मानना है कि यह पहल भविष्य में देश की सबसे बड़ी सहकारी मोबिलिटी परियोजनाओं में से एक बन सकती है। नई सेवा के शुरू होने से जयपुर के नागरिकों को यात्रा के लिए एक भरोसेमंद और किफायती विकल्प मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे शहर में परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।