{"vars":{"id": "127470:4976"}}

जयपुर हिस्ट्रीशीटर मर्डर : 04 युवकों ने सरेराह विजय को मारा, फिर मंदिर गए, हाथ जोड़ा और थाने जा पहुंचे!
 

 

Rudra News Express Jaipur. 

जयपुर में बीती रात खुलेआम हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को कुल्हाड़ी से मारने वाले चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझने के करीब पहुंच चुकी है। पूरा मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल कैम्पर गाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपियों को थाने के पास से ही पकड़ना बताया गया गया है। हालांकि चर्चा में यह कहानी भी है कि  वारदात के बाद चारों आरोपी थाने के पास ही बने एक मंदिर में पहुंचे। भगवान को हाथ जोड़े और थाने पहुंचकर सरेंडर किया।

कौन आरोपी, क्यों मारा : 

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक चारों आरोपी अनीश, युवराज, दिनेश और कमलेश जोबनेर के रहने वाले हैं। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मीडिया को बताया कि अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी जोबनेर को पकड़ा है। सुबह 4 बजे आरोपियों के करधनी में ही छुपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने चारों को ट्रेस कर पीछा किया और गिरफ्तार कर लिया।

कौन है हत्या करने वाले : 
मुख्य आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21) ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मर्डर प्लान किया था। बुधवार रात आरोपियों ने विजय की फॉर्च्यूनर को कैम्पर से टक्कर मारकर रोका। जब वह भागने लगा तो लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। विजय जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था। "जग्गू" ने जयपुर के प्राइवेट कॉलेज से बीटेक किया। कुछ समय पहले तक एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था।

7007 गैंग और इसलिए हत्या : 

अब तक की पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने जोबनेर इलाके में अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों में लगातार रंजिश चल रही थी। पिता की हत्या का बदला लेने के इरादे से आरोपियों ने '7007 गैंग' बनाई और विजय बाजिया की हत्या की साजिश रची। विजय और अनीश के बीच बहस भी हुई थी। इसके बाद अनीश ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की।  विजय का पीछा करते हुए उसकी गाड़ी को टक्कर मारी। वह बचने के लिए गाड़ी से निकलकर भागा तो कुल्हाड़ी से वार करके विजय की हत्या कर दी।

हिस्ट्रीशीटर विजय के खिलाफ इतने मामले : 
जिस हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या हुई है वह जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल हैं। वह करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, उसके कई गैंग से संपर्क थे। वह कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। उस पर पहले भी कई बार हमले हो चुके थे।