{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaipur : पटाखा गोदाम में भीषण आग, 04 की मौत, 04 घायल, 02 गंभीर

 
Jaipur के रिहायशी इलाके में बना था मौत का अवैध पटाखा गोदाम
RNE Jaipur
Rajasthan की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार को रिहायशी इलाके में संचालित एक पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना भयावह था कि आग की चपेट में आए लोग जलती हालत में ही गोदाम से बाहर भागे और सड़क पर तड़पते रहे।
जानकारी के अनुसार आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित पटाखा गोदाम में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अब्दुल वाहिद की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य तीन की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। घटना में आजीम खान, नासिर खान, समीर खान और बिलाल गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दो युवकों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद सामने आए दृश्य झकझोर देने वाले थे। आग से झुलसे मजदूर जान बचाने के लिए गोदाम से बाहर निकलकर सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग दर्द से कराहते रहे और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने प्रारंभिक जांच के बाद स्वीकार किया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पटाखों का गोदाम संचालित किया जा रहा था, जबकि इसकी फैक्ट्री दूसरी जगह स्थित है। उन्होंने कहा कि गोदाम रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित था और इसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
अमीन कागजी ने प्रशासन को घेरा
घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक अमीन कागजी ने प्रशासन और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आबादी के बीच बारूद और पटाखों का गोदाम संचालित हो रहा था, तो क्या इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को नहीं थी? यदि जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने कहा कि हादसा केवल दुर्घटना नहीं बल्कि व्यवस्था की विफलता है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
जानिए कहाँ, क्या
🔸 खोह नागोरियान के आयशा नगर क्षेत्र में हुआ हादसा
🔸 पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग
🔸 बच्चे समेत 4 लोगों की मौत
🔸 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, एसएमएस अस्पताल में भर्ती
🔸 रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित था गोदाम
🔸 पुलिस ने मालिक के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए
🔸 प्रशासन ने जांच के आदेश दिए