Jaipur Metro : जयपुर में मेट्रो को मिलेगी नई रफ्तार, जेडीए ने फंसा हुआ पेंच निकालकर जमीन की आबंटित
जेडीए में शुक्रवार को भूमि एवं सम्पत्ति निस्तारण समिति की बैठक हुई। इसमें मेट्रो को जमीन आवंटित पर फैसला लिया गया
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मेट्रो को नई रफ्तार मिलने वाली है। जयपुर में नई मेट्रो लाइन बिछाने के लिए जमीन का पेंच फंसा हुआ था। जहां पर वन विभाग के साथ मिलकर इस फंसे हुए पेंच को निकाल दिया और मेट्रो परियोजना के लिए जमीन का आबंटन कर दिया है।
ऐसे में अब तेजी से मेट्रो लाइन बनने का काम होगा और जयपुर शहर के लोगों का आने वाले समय में मेट्रो का सफर सुहाना होने वाला है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को जेडीए की तरफ से चार जगह पर जमीन दी गई है। इसके बदले में वन विभाग को सरकार की तरफ से अलग से जमीन दी जाएगी। इस फैसले के बाद मेट्रो की विभिन्न परियोजनाओं को गति मिलेगी।
जेडीए में शुक्रवार को भूमि एवं सम्पत्ति निस्तारण समिति की बैठक हुई। इसमें मेट्रो को जमीन आवंटित पर फैसला लिया गया। यह जमीन विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवंटित की गई है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के फेज-1 सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर वाया गलता गेट) कार्य के लिए 919.00 वर्ग मीटर अस्थायी आवंटित की गई है। इसी फेज के अलाइनमेंट में आने वाली वन विभाग की भूमि के बदले समान जेडीए ग्राम दौलतपुरा में 2.01 हेक्टेयर जमीन देगा। इससे मेट्रो के काम को गति मिलेगी।
यहां भी आवंटन
फेज-2 के लिए निवारू रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले योजना में 3882 वर्ग मीटर नॉन-फेयर रेवेन्यू भूमि आवंटित की गई। ग्राम शिवदासपुरा, तहसील चाकसू में 8000 वर्गमीटर नॉन-फेयर रेवेन्यू भूमि आवंटित की गई। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सीवर संबंधी कार्यों के अंतर्गत एसटीपी निर्माण के लिए ग्राम पचार, कालवाड़ में 20,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की।