{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaipur New Flight : जयपुर एयरपोर्ट से उदयपुर, इंदौर, कोलकाता, बेंगलुरु सहित सात नई फ्लाइट शुरू 

 

त्योहारी सीजन शुरू होते ही जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट की तरफ से यात्रियों की सुविधा के लिए फ्लाइट की संखय को बढ़ा दिया है। हालांकि पिछले दिनों जयपुर एयरपोर्ट पर पर्याप्त यात्री नहीं पहुंच पा रहे थे, इसके करण एयरलाइंस कंपनियों को घाटा हो रहा था।

अब दीपावली पर्व नजदीक आते ही यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इसको देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट से सात नई फ्लाइट की शुरुआत की गई है।  जयपुर एयरपोर्ट पर भी पिछले करीब 3 महीने से इसी तरह के हालात दिख रहे थे। अब नवरात्र शुरू होते ही 7 नई फ्लाइट शुरू की हैं। जयपुर एयरपोर्ट से इंदौर, बेंगलुरु, उदयपुर, देहरादून, चंडीगढ़, कोलकाता और अहमदाबाद के लिए नई फ्लाइट की शुरुआत की गई है।

अभी जयपुर से उदयपुर, देहरादून और इंदौर के लिए रोज एक-एक फ्लाइट ही चल रही थीं, लेकिन अब रोज 2-2 फ्लाइट मिलेंगी। कोलकाता, चंडीगढ़ और अहमदाबाद के लिए रोज 3-3 फ्लाइट चल रही थीं, अब 1-1 नई फ्लाइट जुड़ने से रोजाना 4-4 फ्लाइट उपलब्ध होंगी। बेंगलुरु के लिए एक और फ्लाइट जुड़ने से अब जयपुर से रोजाना 6 फ्लाइट उपलब्ध हो सकेंगी।

ये नई फ्लाइट्स शुरू हुई

जयपुर से फ्लाइट 6ई-7158 रोज सुबह 5:10 बजे इंदौर जाएगी। जयपुर से फ्लाइट 6E-373 रोज सुबह 5:25 बजे बेंगलुरु जाएगी। फ्लाइट 6ई-7198 जयपुर से रोज शाम 5:30 बजे उदयपुर जाएगी। फ्लाइट 6ई-7468 जयपुर से रोज शाम 6:30 बजे देहरादून जाएगी। फ्लाइट 6ई-7414 जयपुर से रोज शाम 7:50 बजे चंडीगढ़ जाएगी। फ्लाइट 6ई-6186 जयपुर से रोज शाम 8:10 बजे कोलकाता जाएगी। फ्लाइट 6ई-7138 जयपुर से रोज रात 9:50 बजे अहमदाबाद जाएगी।

पहले 21 शहरों के लिए 52 थी, अब 59 फ्लाइट्स

21 सितंबर तक जयपुर एयरपोर्ट से रोज औसतन 52 फ्लाइट्स संचालित हो रही थीं, जो 21 शहरों के लिए थीं। अब 7 नई फ्लाइट शुरू होने से ये संख्या बढ़कर 59 हो जाएगी। वहीं, फेस्टिव सीजन में हवाई किराए की दरों में भी उछाल शुरू हो गया है। नवरात्रि में पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का खास महत्व है, ऐसे में कोलकाता का किराया बढ़ा है। वहीं, गरबा रास के लिए जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के लिहाज से अहमदाबाद का किराया भी अधिक हुआ है। 

जयपुर से 23 सितंबर को कोलकाता के लिए 4 फ्लाइट हैं। इनमें किराया 8147 से 9249 रुपए तक लिया जा रहा है, जबकि सामान्य दिनों में 6 हजार से 6500 रुपए रहता है। अहमदाबाद के लिए 4 फ्लाइट हैं और किराया 6140 से लेकर 8030 रुपए तक लिया जा रहा। जबकि सामान्य दिनों में किराया 4500 से 5000 रुपए तक रहता है।

उधर, इंडिगो एयरलाइंस ने जयपुर-हैदराबाद-जयपुर फ्लाइट का संचालन नियमित कर दिया है। फ्लाइट 6ई-816 अब रोजाना संचालित होगी। फ्लाइट जयपुर से रात 8:50 बजे फैदराबाद जाती है, जो सप्ताह में 4 दिन थी। सोमवार से फ्लाइट रोज संचालित होगी। जयपुर से हैदराबाद के लिए रोजाना 5 फ्लाइट मिलेंगी। वहीं, सभी नई फ्लाइट्स का संचालन इंडिगो एयरलाइंस करेगी।