Jaisalmer Double Murder: 90 वर्षीय बुजुर्ग दंपति की गला घोंटकर हत्या, गहने लूटकर फरार बदमाश
RNE Jaisalmer-Rajasthan.
राजस्थान के जैसलमेर जिले में मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। मोहनगढ़ थाना क्षेत्र की भील बस्ती में शनिवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने 90 वर्षीय लाखाराम और उनकी 85 वर्षीय पत्नी रेशमा की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर में रखे गहने लूटकर फरार हो गए।
दोनों बुजुर्ग नि:संतान थे और वर्षों से घर में अकेले रह रहे थे। शनिवार सुबह जब उनका भांजा मिलने पहुंचा तो घर के भीतर का मंजर देख उसके होश उड़ गए—दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। उसने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
लूट का शक, विरोध बना मौत की वजह :
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश लूट के इरादे से घर में घुसे थे। मृतका के पैरों के कड़े और गले के गहने गायब हैं, जबकि घर में संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले हैं। आशंका है कि बुजुर्ग दंपति ने विरोध किया, जिस पर बदमाशों ने गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
डॉग स्क्वायड और FSL टीम जांच में जुटी :
सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम डेलू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के थानों में अलर्ट जारी कर दिया है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
इलाके में डर और आक्रोश :
इस जघन्य वारदात के बाद भील बस्ती में दहशत का माहौल है। अकेले रह रहे बुजुर्गों में खासा भय देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर एक बुजुर्ग दंपति भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।