{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaisalmer News: कामवाली बाई ने मास्टर माइंड बन महिला को बांधकर लूटा, रामदेवरा जाने का प्लान रास्ते में पकड़ा

 
RNE Jaisalmer.
जैसलमेर शहर के भीतरी इलाके में दिनदहाड़े महिला को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने महिला के हाथ-पांव और मुंह बांधकर घर से करीब 50 तोला सोना, 1 से 1.5 लाख रुपए नकद और चांदी के आभूषण लूट लिए।
वीडियो देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक करें 
हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने 5 संदिग्धों को डिटेन कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटा गया अधिकांश माल बरामद कर लिया है।
एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे वारदात की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की। इसके बाद रेंज स्तर पर नाकाबंदी कर अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को पकड़ा गया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पीड़िता के घर में पिछले 5-6 वर्षों से काम कर रही कामवाली बाई मीनू उर्फ मिनाली ही इस वारदात की मास्टरमाइंड निकली। उसने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। घर की पूरी जानकारी होने के कारण मीनू ने जेवरात और नकदी की लोकेशन तक की जानकारी दीपक को दी।
दीपक ने बाहरी आरोपियों को बुलाकर गैंग तैयार किया और सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 तोला सोना, नकदी और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद रामदेवरा जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन नाकाबंदी के चलते लाठी क्षेत्र में ही पकड़ लिए गए। मुख्य आरोपी दीपक पुत्र रामपत डुलगज निवासी सायन कोलीवाड़ा, मुंबई (हाल जैसलमेर) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल वारदात की मास्टरमाइंड मीनू की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का मकसद जल्दी पैसा कमाना था, जिसके चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।