New Sports Stadium : राजस्थान के इस गांव में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, जमीन की आवंटित
सिरोही शहर से सटा सांतपुर खेल गांव सरीखा आकार लेता नजर आ रहा है। यहां पहले से जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के छात्र-छात्रा खेल छात्रावास संचालित हैं। अब खेल स्टेडियम निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो चुका है। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला कलक्टर ने खेल स्टेडियम के लिए करीब 30 बीघा जमीन आवंटित की है। टीएसपी आबूरोड ब्लॉक मेें सालों से खेल सुविधाओं से लैस खेल मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब जाकर पूरी होने जा रही है। बता दें स्टेडियम बनाने के लिए नगर सुधार न्यास की ओर से निविदा आमंत्रित की जाएगी।
400 मीटर का बनेगा एथलेटिक्स ट्रैक
प्रस्तावित खेल स्टेडियम में एथलेटिक्स खेलों के लिए 400 मीटर का ट्रैक बनेगा। इसके अलावा बास्कबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो समेत आठ खेलों की खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा की चमक बिखरने के ज्यादा अवसर मिलेंगे। बड़ी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। स्टेडियम निर्माण पर आने वाले खर्च में राज्य सरकार तो बजट देगी ही राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से भी राशि स्वीकृत करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
पहले सात बीघा जमीन आवंटित
आबूरोड में वर्ष 2009 में गठित नगर सुधार न्यास आबू से पूर्व सांतपुर में चामुंडा माता मंदिर के पास खेल मैदान के लिए सात बीघा जमीन आवंटित की गई थी। जिसका 14 साल कोई उपयोग नहीं हो सका। इस पर स्थानीय खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने सांतपुर में स्टेडियम निर्माण की सरकार से मांग की। इस पर करीब डेढ़ साल पहले उपखंड प्रशासन व खेल विभाग के अधिकारियों ने जमीन के चयन के लिए निरीक्षण किया। जमीन चिह्नित कर उसके आवंटन के लिए फाइलें आगे बढ़ाई।
व्यवस्थित खेल मैदान का अभाव
वर्तमान में आबूरोड शहर की आबादी करीब 75 हजार है, जहां खिलाड़ियों के लिए खेलों के अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए सुविधाओं से सुसज्जित खेल मैदान नहीं है। राजकीय महाविद्यालय, रेलवे कॉलोनी, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय दरबार, सांतपुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेल मैदान है, जो छोटे और विकसित नहीं है। यही कारण है कि सरकारी विद्यालयों की ब्लॉक व जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
केंद्रीय मंत्री ने की थी 10 करोड़ की घोषणा
केंद्रीय खेल मंत्रालय के मंत्री मनसुख मांडविया के पूर्व में आबूरोड दौरे के दौरान खेल संगठनों व स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने आबूरोड में खेल स्टेडियम की मांग की थी। इस पर उन्होंने खेल स्टेडियम के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की थी।
इनका कहना
आबू रोड उपखंड अधिकारी शंकरलाल मीणा ने कहा कि सांतपुर में खेल स्टेडियम के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया को गति प्रदान की। खेल विभाग की आवश्यकतानुसार कलक्टर ने जमीन आवंटित कर दी है।