{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Monsoon Rajasthan : Bikaner के श्रीडूंगरगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश, राजस्थान में 28 जून तक आएगा मानसून

 

RNE Jaipur. 

Rajasthan  में सक्रिय हुए नए परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान जयपुर समेत सात शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। 

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल परिस्थितियां बनी रहने पर राजस्थान में मानसून 28 जून तक दस्तक दे सकता है। इससे प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। 

बीकानेर के डूंगरगढ़ में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश : 

पश्चिमी राजस्थान में डूंगरगढ़ (बीकानेर) में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बीकानेर शहर, नोखा और लूणकरणसर सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीकानेर शहर में 11.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। 

जयपुर, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में बरसे बादल : 

जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, कोटा और चित्तौड़गढ़ सहित अनेक जिलों में बारिश दर्ज की गई। जयपुर में 34.8 मिमी, अजमेर में 42.8 मिमी तथा भीलवाड़ा में 19 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। 

सवाई माधोपुर में रातभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जबकि भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा, आसींद, शाहपुरा, जहाजपुरा और मांडलगढ़ क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई। किसानों का कहना है कि यह बारिश खरीफ सीजन की तैयारियों और कपास जैसी फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी।

आंधी से जनजीवन प्रभावित : 

पाली में तेज अंधड़ के कारण कई पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। नागौर में आंधी और बारिश से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जबकि कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

28 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना : 

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अनुकूल परिस्थितियों में मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक राजस्थान में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

अगले तीन दिन अलर्ट : 

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, तेज हवाएं, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।