{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Monsoon Rajasthan: आज-कल बीकानेर संभाग में बारिश का अनुमान

 

RNE Bikaner-Jaipur.

प्रदेश में सक्रिय मानसून के कारण विभिन्न स्थानों पर बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 2 सेमी बारिश जोधपुर शहर में दर्ज की गई। दौसा, पाली, चित्तौड़गढ़,झुंझुनूं, चूरू और सवाईमाधोपुर में भी कई स्थानों पर हल्की तो कई जगह मध्यम बरसात हुई।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में पोकरण में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। बाड़मेर ज़िले में कल दोपहर बाद अंधड़ के साथ शुरू हुआ बरसात का दौर देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान नोखड़ा इलाक़े में मूसलाधार बारिश हुई। इसके अलावा सेड़वा, धनाऊ और चैहटन समेत कई इलाक़ों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दो तीन दिनों तक उदयपुर और कोटा संभाग के साथ पूर्वी राजस्थान के आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं अतिभारी बरसात की संभावना है।

वहीं, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा आज और कल कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 10 जुलाई से भारी वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के आसार है।