{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Nagaur: 19 का युवक, 18 से कम की किशोरी घर से भागे, ट्रेन में छूट गया 10.76 लाख रुपयों से भरा बैग, फिर ये हुआ!
 

 

Rudra News Express Nagaur.

प्यार में अक्सर लोग दुनिया की परवाह किए बिना बड़े फैसले ले लेते हैं, लेकिन नागौर में एक प्रेमी जोड़े को शादी के लिए घर से निकलना उस वक्त भारी पड़ गया, जब लाखों रुपए और कीमती सामान से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया। मेड़ता रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जब दोनों को बैग याद आया तो उनके होश उड़ गए। बैग में 10.76 लाख रुपए नकद, iPhone-15 Pro, एक अन्य मोबाइल और चांदी के आभूषण रखे थे।

जोधपुर से चढे थे, मेड़ता रोड उतरे: 

जोधपुर से साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस में सवार युवक और किशोरी मेड़ता रोड स्टेशन पर उतरे। दोनों ट्रेन से उतरकर आपस में बातचीत करने लगे। इसी बीच ट्रेन रवाना हो गई। कुछ देर बाद उन्हें अहसास हुआ कि उनका बैग तो ट्रेन में ही छूट गया है। घबराए दोनों तुरंत मेड़ता रोड RPF के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी।

ट्रेन रवाना हुई तो याद आया लाखों का बैग :

मेड़ता रोड RPF ने सूचना मिलते ही ट्रेन और कोच की जानकारी जुटाई। ट्रेन के नागौर स्टेशन पहुंचने पर RPF ने तलाशी शुरू की। आखिरकार संबंधित कोच से बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान देखकर RPF अधिकारी भी हैरान रह गए।

बैग में मिला इतना पैसा: 

बैग में करीब 10 लाख 76 हजार रुपए नकद, iPhone-15 Pro, एक अन्य स्मार्टफोन, पावर बैंक, चार्जर, ट्रेन टिकट, दस्तावेज और चांदी के आभूषण मिले। RPF ने बरामद सामान को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

परिजनों को बिना बताए निकले थे दोनों : 

पूछताछ और सत्यापन में सामने आया कि युवक और किशोरी जोधपुर जिले के रहने वाले हैं। दोनों अपने परिजनों को बिना बताए शादी करने के इरादे से घर से निकले थे। इस बीच दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी संबंधित थानों में दर्ज हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक युवक लगभग 19 वर्ष का है जबकि किशोरी नाबालिग है। उसकी उम्र 18 वर्ष से कुछ महीने कम है।

नागौर स्टेशन RPF के SI रमेश कुमार के अनुसार, पुलिस सत्यापन और पूछताछ के बाद दोनों को बरामद सामान सहित स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।