{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Gadkari ने सोशल मीडिया फीडबैक पर राजस्थान के 10,064 किमी लंबे नेशनल हाइवे की क्वालिटी पर अधिकारियों, ठेकेदारों की मीटिंग ली

राजस्थान-हिमाचल हाईवे परियोजनाओं की ली हाई पॉवर समीक्षा

 

RNE New Delhi.

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर हाई पॉवर समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा, NHAI और सड़क परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजना ठेकेदार मौजूद रहे।

गडकरी ने राजस्थान के 10,064 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और हिमाचल प्रदेश के 1,947 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन हो और निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। गडकरी ने आधुनिक तकनीक और नई निर्माण पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया ताकि सड़कें अधिक टिकाऊ और सुरक्षित बन सकें।

उन्होंने कहा कि मजबूत हाईवे नेटवर्क देश की कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास, यात्रियों की सुविधा और निर्बाध यातायात के लिए बेहद जरूरी है।

मानसून को देखते हुए गडकरी ने अधिकारियों को विशेष तैयारी के निर्देश भी दिए। इनमें प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, ढलान संरक्षण कार्य, सक्रिय रखरखाव और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया ताकि बारिश के दौरान सड़क क्षति और यातायात बाधाओं को कम किया जा सके।

केंद्रीय मंत्री की इस समीक्षा को सोशल मीडिया पर लगातार उठ रही सड़क गुणवत्ता और रखरखाव संबंधी शिकायतों के बाद बड़ा प्रशासनिक संदेश माना जा रहा है।