Operation Clean Sweep Jaipur : आधी रात से सुबह तक 2000 सफाईकर्मी संभालेंगे मोर्चा, परकोटा क्षेत्र रहेगा फोकस
RNE Jaipur.
Rajasthan की राजधानी जयपुर में शनिवार रात एक बड़ा सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम जयपुर ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को नई पहचान देने के उद्देश्य से 9 मई (शनिवार) को रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” शुरू करने की घोषणा की है।
नगर निगम आयुक्त ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य ट्रैफिक और आमजन की आवाजाही प्रभावित किए बिना शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से अंजाम देना है।
परकोटा पर फोकस :
इस विशेष ड्राइव का मुख्य फोकस जयपुर का हेरिटेज और परकोटा क्षेत्र रहेगा, जहां बड़े स्तर पर सफाई, कचरा निष्पादन और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए 36 बीट्स का गठन किया है और हर बीट में अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाई गई है।
अभियान में करीब 2000 सफाईकर्मियों को लगाया जाएगा। सफाई टीमों को हूपर, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ी, फावड़ा, टॉर्च, गम बूट और विशेष नाइट जैकेट जैसे संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं ताकि रात के समय भी अभियान सुचारु रूप से चल सके।
उद्योग जगत भी आया साथ :
“ऑपरेशन क्लीन स्वीप” में उद्योग जगत का सहयोग भी देखने को मिला है। CII के स्टेट हेड नितिन गुप्ता और डेनिश पावर लिमिटेड के CMD शिवम तलवार ने सफाई कर्मियों के लिए ब्रांडेड इंसुलेटेड पानी की बोतलें उपलब्ध करवाई हैं, जिससे उन्हें कार्य के दौरान पेयजल सुविधा मिल सके।
एक महीने में तीसरी बड़ी पहल :
नगर निगम प्रशासन के अनुसार पिछले एक महीने में जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में यह तीसरी बड़ी पहल है। निगम का लक्ष्य जयपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करने के साथ-साथ उसकी ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरती को नई पहचान दिलाना है।