Parshad On Spot : बाड़ों से निकले पार्षद वार्डों में पहुंचे, जल्द पटरी पर लौटेगी शहर की व्यवस्था!
वार्ड 45 में कांग्रेस के ओम प्रकाश लोहिया ने त्रिकोणीय मुकाबले में जीत दर्ज की। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस वार्ड में ओमप्रकाश को 1,617 वोट मिले, जबकि निर्दलीय लक्ष्मण नाथ 1,299 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा के महेन्द्र कुमार परिहार को 408 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे।
Rudra News Express Bikaner.
बीसियों अनसुलझे सवाल छोड़ बीकानेर नगर निगम चुनाव की चुनावी गहमागहमी खत्म हुई। मेलों में गए सफाई कर्मचारी लौट आए हैं और बाड़ों में बंद पार्षद भी वार्डों में आ गए हैं। अब लोग चाहते हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर आए। इसे चुने हुए पार्षद भी अच्छी तरह समझ रहे हैं। यही वजह है कि अब पार्षद फिर से वार्ड की गलियों का राउंड लेने लगे हैं। लोग स्वागत भी कर रहे हैं और काम का उलाहना भी दे रहे हैं। ऐसे में आश्वस्त किया जा रहा है कि अब जल्द व्यवस्था पटरी पर आएगी।
वार्ड की गलियों में पहुंचे ओमप्रकाश लोहिया, 06 कर्मचारी नहीं मिले :
इसी कड़ी में वार्ड संख्या 45 के कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश लोहिया शुक्रवार सुबह से ही वार्ड की गलियों में पहुँच गए। लोगों ने जीत की बधाई दी। पिछले कई दिनों से सफाई बेहतर नहीं होने की शिकायत की। ऐसे में लोहिया ने बताया कि निगम चुनाव के बाद मेयर, फिर डिप्टी मेयर चुनाव के चलते सभी पार्षद "प्रशिक्षण शिविर" में थे। पता चला है कि मेलों के कारण भी कुछ कर्मचारी छुट्टियों पर थे। इसके बावजूद हैरानी इस बात पर हुई कि ड्यूटी रोस्टर में मौजूद 06 कर्मचारी मौके पर पहुंचे ही नहीं। ऐसे में लोहिया ने मौके से ही अधिकारियों से बात की। कर्मचारियों को हिदायत दी कि सफाई सेवा का काम है, इसमें कोताही नहीं बरते।
इस मौके पर वार्ड के नवल किशोर आचार्य, मनोज, अनिकेत, सुंदर देवी, राजाराम उपाध्याय, मनोज, रामेश्वर स्वामी, एकता स्वामी आदि ने क्षेत्र की समस्याएं बताई। इनमें मोटे तौर पर पानी की आपूर्ति और निकासी दोनों से जुड़ी समस्या प्रमुख है। इसके साथ ही नियमित सफाई, नाली निर्माण और टूटी सड़क सुधारने की जरूरत भी बताई। वार्ड राउंड में पार्षद लोहिया ने शुक्रवार को अंबाश्रम की गली, बेणीसर बारी, उस्ता बारी, रबर फैक्ट्री के पीछे आदि इलाकों में कर्मचारियों के साथ भ्रमण किया। उन्होंने लोगों की बताई एक-एक समस्या को अपनी डायरी में नोट किया। समयबद्ध तरीके से समाधान का आश्वासन दिया।
सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य रहे हैं लोहिया :
गौरतलब है कि ओमप्रकाश लोहिया पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य रहे है। तत्कालीन सरकार में सफाई कर्मचारियों की भर्ती से लेकर कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने से जुड़े कई निर्णय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वार्ड 45 में ओम प्रकाश लोहिया यूं जीते :
बीकानेर नगर निगम के वार्ड 45 में कांग्रेस के ओम प्रकाश लोहिया ने त्रिकोणीय मुकाबले में जीत दर्ज की। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस वार्ड में ओमप्रकाश को 1,617 वोट मिले, जबकि निर्दलीय लक्ष्मण नाथ 1,299 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा के महेन्द्र कुमार परिहार को 408 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह ओमप्रकाश ने लक्ष्मण नाथ को 318 वोट से हराया।