{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Petrol Pump Inspection Jodhpur :  कम दिया जा रहा पेट्रोल, 02 पंप के 05 नोजल बंद करवाए, जुर्माना लगाया 

 

Rudra News Express Jodhpur-Rajasthan. 

राजस्थान में खाद्य पदार्थों में मिलावट के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आ ही रहे हैं अब ये भी खुलासा हुआ है कि पेट्रोल पंपों पर तेल कम दिया जा रहा है। मतलब कि जीतने पैसे ले रहे हैं उतनी मात्रा में तेल नहीं दे रहे। यह खुलासा खुद सरकारी जांच में हुआ है। 

दरअसल मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर में चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को जोधपुर जिले में विधिक माप विज्ञान विभाग ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर निरीक्षण कर पेट्रोल एवं डीजल वितरण व्यवस्था, स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिट (नोजल), माप उपकरणों की सत्यापन स्थिति तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध करवाए जाने की जांच की। इसके बाद 5 नोजल बंद कर दिए और 20 हजार रुपए का जुर्माना का जुर्माना लगाया गया।

निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल वितरण यानी शॉर्ट डिलीवरी की शिकायतों की पुष्टि के लिए 5 लीटर क्षमता वाले प्रमाणित माप पात्र से जांच की गई। जांच के दौरान दो पेट्रोल पंपों गणेशीलाल एंड संस तथा सूर्यनगरी पेट्रोलियम पर अनियमितता सामने आई, अनियमितता पाए जाने पर दोनों पंपों पर कुल पाँच नोजल को बंद कर दिया गया।

लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट तथा राजस्थान लीगल मेट्रोलॉजी एनफोर्समेंट रूल के तहत कुल बीस हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अभियान में के के फिलिंग तथा वि आर फिलिंग की भी नियमानुसार जांच की गई , जहाँ पर कार्य नियमानुसार पाया गया ।

विधिक माप विज्ञान अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें तथा सभी डिस्पेंसिंग यूनिट का समय पर सत्यापन करवाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माप में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

62 निरीक्षण, 11 नोजल सीज, 85 हजार जुर्माना : 

प्रदेशभर में कुल 62 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कम मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने एवं बिना वैध सत्यापन के पेट्रोल पंप संचालित करने के मामले सामने आए।

दूदू में बड़ी कार्रवाई: तीन साल से बिना सत्यापन चल रहा था पेट्रोल पंप: 

जयपुर जिले के दूदू स्थित श्री कृष्ण पेट्रोलियम (HPCL) पर निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि पेट्रोल पंप के माप-वितरण उपकरणों का अंतिम सत्यापन 12.09.2023 तक ही वैध था, इसके बावजूद पेट्रोल पंप का संचालन लगभग तीन वर्षों से बिना वैध सत्यापन के किया जा रहा था। इस पर विभागीय टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप के सभी नोजल जब्त कर लिए तथा 10 हजार 500 रूपये का जुर्माना लगाया।

इन जिलों में भी मिली पेट्रोल-डीजल कम देने की शिकायतें : 

दौसा: सूर्या फिलिंग स्टेशन, गढ़ दौसा (HPCL) पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर पेट्रोल/डीजल कम दिया जाना पाया गया। एक नोजल जब्त कर 10 हजार 500 का जुर्माना लगाया गया।

 जोधपुर: गणेशीलाल एंड संस, रेजीडेंसी रोड पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर 2 नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।

सूर्यनगरी पेट्रोलियम, बॉम्बे मोटर्स सर्किल पर भी प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर 3 नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।

पाली: भाटी हिंदुस्तान पेट्रोलियम पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर एक नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।

प्रदेशभर में की गई कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल-डीजल दिए जाने के मामलों में कुल 11 नोजल सीज किए गए तथा विभिन्न अनियमितताओं पर कुल 85,000 का जुर्माना लगाया गया।