Pokharan : पोकरण में बिजली-पानी संकट पर फूटा जनाक्रोश, सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे
Jun 6, 2026, 16:53 IST
RNE Pokharan-Jaisalmer.
भीषण गर्मी के बीच पोकरण क्षेत्र में बिजली और पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों और शहरवासियों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में नियमित बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले काफी समय से पोकरण क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति से आमजन, किसान, व्यापारी और विद्यार्थी परेशान हैं। वहीं पेयजल संकट ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई मोहल्लों और गांवों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टीम नारायण रांगा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति, अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक, लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान, पेयजल आपूर्ति को नियमित एवं पर्याप्त बनाना, गंभीर जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराना तथा संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश जारी कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करना शामिल है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण घरों में लगे विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।