{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Pokhran : दिल्ली में अग्निवीर की ट्रेनिंग ले रहे पोकरण के गोपाल सिंह भाटी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन, ससम्मान अंतिम विदाई

पोकरण के अग्निवीर गोपाल सिंह का दिल्ली में निधन, दो महीने पहले की थी सेना जॉइन
 

 Rudra News Express Jailsalmer-Pokhran.

जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र के बोनाड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का दिल्ली में प्रशिक्षण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। गोपाल सिंह ने करीब दो महीने पहले ही अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना जॉइन की थी और दिल्ली स्थित राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे।

गोपाल सिंह के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। निधन की सूचना मिलने पर परिजन दिल्ली पहुंचे। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बोनाड़ा लाया गया, जहां सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

 

प्रशिक्षण के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत : 

परिजनों के अनुसार गोपाल सिंह दिल्ली में सेना की ट्रेनिंग ले रहे थे। मंगलवार को प्रशिक्षण के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। 19 साल की उम्र में देशसेवा का सपना पूरा करने वाले गोपाल सिंह के निधन की खबर से पूरे पोकरण क्षेत्र में शोक का माहौल है।

दो महीने पहले ही बने थे अग्निवीर : 

गोपाल सिंह का अग्निवीर के तौर पर चयन करीब दो महीने पहले हुआ था। किसान परिवार से आने वाले गोपाल सिंह बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते थे। कड़ी मेहनत के बाद उनका सेना में चयन हुआ था। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, सेना में भर्ती होने के बाद गोपाल सिंह को लेकर परिवार और गांव में खासा उत्साह था। लेकिन प्रशिक्षण शुरू होने के कुछ ही समय बाद उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

गांव में सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई : 

गोपाल सिंह का पार्थिव शरीर पैतृक गांव बोनाड़ा पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुटे। सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक : 

गोपाल सिंह के निधन की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने शोक व्यक्त किया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, शिव विधायक रवींद्र सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत सिंह हिंगड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद और पूर्व विधायक शैतान सिंह सहित कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई।