{"vars":{"id": "127470:4976"}}

UGC नियमों के विरोध में निकली करणी सेना की रैली पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां, वॉटर कैनन भी चला

 


Rudra News Express Jaipur- Bikaner.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को यूजीसी (UGC) के नए ड्राफ्ट रेगुलेशन के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना की रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखा टकराव हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने खासाकोठी पुलिया और कलेक्ट्रेट सर्किल के पास प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। घटना में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है।

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में निकाली गई 'सवर्ण न्याय यात्रा' बीकानेर से जयपुर पहुंची थी। संगठन यूजीसी के नए ड्राफ्ट 'Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations' को वापस लेने और सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। करणी सेना का आरोप है कि प्रस्तावित नियम लागू होने पर सवर्ण समाज के साथ भेदभाव बढ़ेगा।

रैली कालवाड़ रोड स्थित रावण गेट से शुरू होकर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रही थी। पुलिस ने कालवाड़ पुलिया और चौमूं पुलिया पर बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के बजाय प्रदर्शनकारी बीजेपी प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद खासाकोठी पुलिया के पास पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने पहले वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और फिर लाठीचार्ज किया। इस दौरान डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरन के साथ भी धक्का-मुक्की की सूचना है।

लाठीचार्ज के विरोध में महिपाल सिंह मकराना अपने समर्थकों के साथ खासाकोठी पुलिया के नीचे धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो जयपुर के बाद दिल्ली कूच किया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।