{"vars":{"id": "127470:4976"}}

राजस्थान में 76,800 करोड़ के रेल विकास कार्य प्रगति पर, भुज-दिल्ली एक्सप्रेस आज से शुरू

 

RNE Network.
 

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के रेल विकास कार्य प्रगति पर हैं। वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 85 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। वैष्णव कल शुक्रवार पाली में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड काल के बाद राजस्थान के लिए 46 नई रेल सेवाओं की शुरूआत की गई है। पाली मारवाड़, सोजत रोड, फालना, सोमेसर, मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जैसलमेर स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे यह शहर के पर्यटन स्थल के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं।
 

इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 04875, जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन निर्माण परियोजनाएं प्रगति पर है। जिनमें तारंगा हिल-आबू रोड और मारवाड़-मावली गेज परिवर्तन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं सम्मिलित हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से अधिक रेल सेवाओं का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा।
 

कार्यक्रम में सांसद पाली मारवाड़ पी. पी. चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त हुए कहा कि पाली क्षेत्र की वर्षों पुरानी माँग पूरी हो रही है। राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पाली मारवाड़ सांसद पी. पी. चौधरी, जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी, पाली विधायक  पुष्पेंद्र सिंह, पाली विधायक शोभा रानी सहित मारवाड़ जंक्शन केसाराम चौधरी सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक जोधपुर अनुराग त्रिपाठी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।
 

इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा (वाया भीलड़ी–जालौर) का संचालन आज शनिवार से प्रारंभ हो रहा है। गाड़ी संख्या 19403, भुज–दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा 23 मई से भुज से 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19404, दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा दिनांक 24 मई से दिल्ली से 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी। यह रेल सेवा अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर एवं रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
 

इस रेल सेवा में 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी, 01 पावर कार एवं 01 गार्ड डिब्बे सहित कुल 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं।