New Overbridge : राजस्थान के इस शहर में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, चार जिलों की बढ़ेगी सीधी कनेक्टिविटी
राजस्थान सरकार द्वारा चार जिलों के गांवों को जोड़ने वाले नए रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की है। यह ओवरब्रिज जोधपुर के निकटवर्ती गांव धुंधाड़ा के पास बनेगा। जोधपुर- धुंधाड़ा मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण होगा, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। राज्य बजट में इस परियोजना के लिए करीब 46.40 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। ओवरब्रिज की लंबाई लगभग 600 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर होगी।
नए ओवरब्रिज से चार जिलों का होगा जुड़ाव
ओवरब्रिज बनने के बाद न केवल धुंधाड़ा बल्कि आसपास के गांवों और चार जिलों के बीच यातायात और अधिक तेज व सुरक्षित हो सकेगा। पाली, जोधपुर के अलावा बालोतरा, जालोर जिलों से मार्ग जुड़ता है।
इतना ही नहीं, जहां रेलवे फाटक बंद होने पर ग्रामीणों को अक्सर आधे-आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ता था। अब आरओबी बनने से यह समस्या दूर होगी। इससे आवागमन सुगम होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जोधपुर-धुंधाड़ा मुख्य मार्ग पर रेलवे लाइन पर स्वीकृत ओवर ब्रिज से विकास को पंख लगेंगे। जोधपुर पाली, जालोर अहमदाबाद, बालोतरा व बाड़मेर से कस्बा बिना किसी व्यवधान के जुड़ जाएगा और इससे कस्बे में विकास व व्यापार को गति मिलेगी।
जोधपुर-धुंधाडा मार्ग बिना किसी रुकावट निर्बाध चलेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हमारे गांव के लोगों को भी आपातकाल में बिना रुकावट अस्पताल मरीज को ले जाने में सुविधा भी मिलेगी।
डॉ. संतोष धुंधाड़ा ने बताया कि कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, जिस पर आसपास के दर्जनों गांव निर्भर है। अस्पताल से रिलीव मरीजों के जोधपुर जाने के लिए रेल फाटक बंद होने पर ठहरना मजबूरी हो जाती है। और अन्य गांवों से अस्पताल आने वालों की पीड़ा भी यही रहती है। अब आओबी बन जाने से इस समस्या से निजात मिल जाएगी।