{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Railway Timing : Jodhpur  मंडल में दो दिन सभी ट्रेनें समय पर पहुंचीं, 100% पंक्चुअलिटी दर्ज

 

RNE Jodhpur-Rajasthan. 

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने समय पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 5 और 6 मई को लगातार दो दिनों तक सभी ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय पर किया। मंडल ने इन दो दिनों में 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज कर रेलवे संचालन में नया रिकॉर्ड कायम किया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जोधपुर मंडल ने लगातार दूसरे वर्ष इस प्रकार की उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले मार्च माह में भी मंडल ने लगातार पांच दिनों तक शत-प्रतिशत समयपालन का रिकॉर्ड बनाया था।

तकनीकी कार्यों के बीच भी नहीं बिगड़ी व्यवस्था : 

रेलवे प्रशासन ने बताया कि रेलपथ अनुरक्षण और अन्य तकनीकी कार्यों के बावजूद ट्रेनों के संचालन को पूरी तरह सुचारू बनाए रखा गया। ट्रैक और सिग्नल प्रणाली का नियमित निरीक्षण, समय पर मरम्मत तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग से संचालन व्यवस्था को मजबूत किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों की समयबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल, ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग और सिग्नल विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया गया। साथ ही रेलकर्मियों को सुरक्षित एवं समय पर संचालन के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

रेल प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, सतर्क मॉनिटरिंग और टीमवर्क को दिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद सेवा देना उनकी प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी समयपालन बनाए रखने के प्रयास जारी रहेंगे।