{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rain in Rajasthan : बीकानेर संभाग में मेघ मल्हार, पूगल-खाजूवाला भीगे, विजयनगर पानी-पानी, चूरू में भी झमाझम

 

RNE Jaipur-Bikaner. 

राजस्थान में मानसून पूर्व सक्रिय मौसम प्रणाली का असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग सहित उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। बीकानेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र पूगल और खाजूवाला में मेघ जमकर बरसे, जबकि श्रीगंगानगर जिले का विजयनगर कस्बा पानी-पानी हो गया। चूरू जिले में भी बादलों ने राहत की बारिश की, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अनेक हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहा। बीकानेर संभाग में सर्वाधिक वर्षा विजयनगर (ShriGanganagar) में 76 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा छत्तरगढ़ में 39 मिमी, अनूपगढ़ में 30 मिमी, पूगल में 22 मिमी, रावला में 18 मिमी, खाजूवाला में 14 मिमी तथा बीकानेर शहर में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। चूरू जिले में भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे खेतों और ग्रामीण इलाकों में खुशहाली का माहौल नजर आया।

अभी आंधी चलेगी-बारिश आएगी : 

बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने तापमान में भी गिरावट ला दी। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बारिश का यह दौर अभी जारी रह सकता है। किसानों के लिए यह बारिश खरीफ सीजन की तैयारियों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है, हालांकि तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।