{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan के CM Bhajanlal दिल्ली पहुंचे, Haryana के मुख्यमंत्री नायब सिंह से जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील की मौजूदगी में मीटिंग
 

 शेखावाटी को पानी दिलाने की दिशा में बड़ा कदम, आज दिल्ली में अहम बैठक

 

RNE Jaipur-New Delhi. 

राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित यमुना जल परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में मंगलवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में परियोजना से जुड़े मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (MOA) पर निर्णायक चर्चा होगी।

बैठक में यमुना जल परियोजना के विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं को अंतिम रूप देने का प्रयास किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद परियोजना की क्रियान्विति को लेकर बड़ा रास्ता साफ हो सकता है।

शेखावाटी के लिए राहत की उम्मीद : 

राजस्थान और हरियाणा सरकारें केंद्र सरकार के सहयोग से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं। परियोजना के साकार होने पर शेखावाटी क्षेत्र के लाखों लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से कृषि क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

डीपीआर पहले ही हो चुकी है तैयार : 

यमुना जल परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए संयुक्त विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर केंद्रीय जल आयोग को भेजी जा चुकी है। अब एमओए को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया को परियोजना के अगले महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है। 

चूंकि शेखावाटी क्षेत्र लंबे समय से पेयजल और सिंचाई जल की कमी से जूझता रहा है। ऐसे में यमुना जल परियोजना केवल एक जल योजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की आधारशिला मानी जा रही है। मंगलवार की बैठक से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है। यदि एमओए पर सहमति बनती है तो शेखावाटी के लिए पानी का सपना हकीकत बनने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा।