{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Crime : हथियारों की नोक पर एक करोड़ से अधिक की डकैती करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के 6 बदमाश गिरफ्तार
 

 

RNE Jaipur-Jhunjhunu. 


झुंझुनूं शहर के मलसीसर रोड स्थित पीपली चौक क्षेत्र में हथियारों की नोक पर हुई डकैती का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पकड़ा गया।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में थाना प्रभारी श्रवण नील के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गौरतलब है कि 21 जून की रात नकाबपोश बदमाशों ने एक मकान में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था और हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज तथा सीसीटीवी डीवीआर लूटकर फरार हो गए थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंची, जहां कार्रवाई कर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी की कारें भी बरामद की हैं। मामले में लूटा गया माल बरामद करने और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।